logo

ट्रेंडिंग:

जिम्बाब्वे से बचकर टीम इंडिया... टी20 वर्ल्ड कप में गदर मचा रही सिकंदर की 'सेना'

सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिम्बाब्वे कती टीम ने अजेय रहते हुए सुपर-8 में कदम रखा है। उसने ऑस्ट्रेलिया के बाद श्रीलंका को हराकर सभी बड़ी टीमों को चेतावनी दे दी है।

Blessing Muzarabani T20 World Cup SL vs ZIM

जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी, Photo Credit: PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम गदर काट रही है। सिकंदर रजा की कप्तानी में इस टीम ने ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देने के बाद अब श्रीलंका को भी धूल चटा दी है। श्रीलंकाई टीम ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में 179 रन का बड़ा टारगेट रखा था, जिसे जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। ओपनर ब्रायन बेनेट की 48 गेंद में 63 रन की संयमित पारी के बाद सिकंदर रजा ने 26 गेंद में ताबड़तोड़ 45 रन ठोक उसे 6 विकेट से जीत दिला दी।   

 

जिम्बाब्वे ने पहले ही सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर लिया था। उसने श्रीलंका को हराकर 7 पॉइंट्स के साथ ग्रुप-B में टॉप पर फिनिश किया। जिम्बाब्वे ने अपने पहले मुकाबले में ओमान को 8 विकेट से मात दी थी। इसके बाद उसने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया। आयरलैंड के खिलाफ उसका मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जिसके बाद उसे सुपर-8 में एंट्री मिली। अब टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका को हराकर जिम्बाब्वे ने सभी बड़ी टीमों को चेतावनी दे दी है कि उसे हल्के में लेने की भूल नहीं की जानी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: बर्तन धोने की बात कहने वाले पाकिस्तानी कप्तान पर बैन लगाकर खुद दे दिया इस्तीफा

26 फरवरी को है भारत से मुकाबला

सुपर-8 में जिम्बाब्वे का पहला मैच वेस्टइंडीज से है। यह मुकाबला 23 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद जिम्बाब्वे की टीम का सामना भारत से  होगा। दोनों टीमों की भिड़ंत चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होगी। इस मुकाबले में भारतीय टीम को सावधान रहना होगा, क्योंकि जिम्बाब्वे के पास एक संतुलित बॉलिंग अटैक है, जो चेपॉक में कहर बरपा सकती है।

 

ब्लेसिंग मुजारबानी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। लंबे कद के इस तेज गेंदबाज ने 3 मैचों में 9 विकेट चटका दिए हैं। ब्रैड इवांस भी उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं। मीडियम पेसर इवांस ने 3 मैचों में 8 विकेट झटके हैं। रिचर्ड एनगारवा ने एक ही मैच खेला है, जिसमें उन्हें 3 सफलता मिली थी। स्पिन डिपार्टमेंट में रायन बर्ल, ग्रेम क्रेमर और खुद कप्तान सिकंदर रजा हैं, जो मिडिल ओवर्स में भारतीय टीम को तंग कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक ने खत्म किया 11 साल का इंतजार, रणजी ट्रॉफी फाइनल में बनाई जगह

टीम इंडिया को 3 बार दे चुकी है शिकस्त

जिम्बाब्वे और भारत के बीच अब तक 13 टी20 मुकाबले खेले जा चुके हैं। टीम इंडिया ने इनमें से 10 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे ने 3 बार बाजी मारी है। टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो दोनों टीमें अब तक एक बार आमने-सामने हुई हैं। मेलबर्न में खेले गए 2022 टी20 वर्ल्ड कप के उस मुकाबले में भारतीय टीम ने 71 रन से जीत दर्ज की थी। आंकड़े भारत के पक्ष में हैं लेकिन यह जिम्बाब्वे की टीम अब कहीं मजबूत हो गई है, जो अपने दिन पर किसी को भी चौंका सकती है। 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap