पाकिस्तान हॉकी में चल रहा संकट और गहरा गया है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। तारिक बुगती ने PHF के मुख्य संरक्षक प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को अपना इस्तीफा भेजा है। बुगती ने PHF अध्यक्ष का पद छोड़ने से पहले पाकिस्तान के हॉकी कप्तान अम्माद बट पर 2 साल का बैन लगाया।
अम्माद बट ने हाल ही में PHF की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया में सड़क पर समय बिताना पड़ा। अम्माद ने PHF की नाकामियों को उजागर करते हुए बताया कि होटल बुक नहीं होने के कारण सड़क पर भटकना पड़ा और यहां तक कि खिलाड़ियों को मैच खेलने जाने से पहले बर्तन तक धोने पड़े।
पाकिस्तान की हॉकी टीम FIH प्रो लीग के दूसरे लीग के लिए ऑस्ट्रेलिया गई थी। वहां से लौटने के बाद अम्माद ने मीडिया के सामने PHF को आड़े हाथों लिया और कहा कि इस मैनेजमेंट के रहते नहीं खेल सकते। उनके बयान के बाद हरज तरफ PHF की थू-थू हो रही थी, जिसके बाद फेडरेशन के अध्यक्ष बुगाती ने उन पर ऐक्शन लिया और अब खुद इस्तीफा दे दिया है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक ने खत्म किया 11 साल का इंतजार, रणजी ट्रॉफी फाइनल में बनाई जगह
शाहबाज सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग
बुगती ने गुरुवार को कहा, 'प्रधानमंत्री को इस्तीफा भेज दिया है लेकिन उनसे और फील्ड मार्शल असीम मुनीर से आस्ट्रेलिया में प्रो लीग के दौरान हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह भी किया है।' बुगती ने कहा कि अध्यक्ष के रूप में उन्होंने आखिरी कार्रवाई के तौर पर नेशनल टीम के कप्तान अम्माद शकील बट पर दो साल घरेलू और इंटरनेशनल हॉकी खेलने पर बैन लगाया, जिनकी बयानबाजी से पाकिस्तान हॉकी की छवि खराब हुई।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: फोर्डे-जोसेफ के तूफान में उड़ा इटली, विंडीज की लगातार चौथी जीत
पाक कप्तान ने की थी यह मांग
अम्माद बट की अगुवाई में 9 खिलाड़ियों ने टीम मैनेजमेंट और PHF अधिकारियों को हटाने की मांग की थी। अम्माद ने यह भी आरोप लगाया था कि पिछले एक साल से पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) और PHF से अधिकांश खिलाड़ियों को दैनिक भत्ता नहीं मिला है।
पूरे विवाद की शुरूआत सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो से हुई, जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों को उनके लगैज के साथ सिडनी की सड़कों पर खड़े दिखाया गया था। इस मामले में PSB और PHF एक दूसरे पर आरोपप्रत्यारोप लगा रहे हैं। बुगती ने PSB को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि आस्ट्रेलिया दौरे पर सारे इंतजाम उसी ने किए थे। वहीं जब दस लाख रुपये से अधिक के चेक के बारे में पूछा गया जो PSB ने दिये थे, बुगती ने कोई जवाब नहीं दिया।
पाकिस्तानी टीम के हेड कोच ताहिर जमां ने भी इस्तीफे की पेशकश की लेकिन कहा कि कप्तान समेत कुछ खिलाड़ी अनुशासनहीन हैं, जिन्होंने दूसरे खिलाड़ियों को अपशब्द कहे जिससे प्रदर्शन पर असर पड़ा। पाकिस्तान FIH प्रो लीग में सभी 8 मैच हारकर 9 टीमों में आखिरी स्थान पर है। अब वह वर्ल्ड कप के आखिरी क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में भाग लेने मिस्र जाएगा।