गूरनूर बराड़ ने श्रीलंका की सरजमीं पर रेड बॉल क्रिकेट में कहर बरपा दिया है। उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम की बेजान पिच पर 10 विकेट लेकर इंडिया-ए को बड़ी जीत दिलाई है। लंबे कद के इस तेज गेंदबाज ने इस धांसू प्रदर्शन की बदौलत श्रीलंका में अगले महीने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
चौथे दिन झटके 6 विकेट
बराड़ ने 4 विकेट लेकर श्रीलंका-ए की पहली पारी 366 रन पर समेटी थी। इसके बाद साई सुदर्शन के 168 रन की बदौलत इंडिया-ए ने अपनी पहली पारी में 543 रन का विशाल स्कोर बनाया और 177 रन की विशाल बढ़त हासिल की। मुकाबले के चौथे और आखिरी दिन (रविवार) बराड़ ने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर श्रीलंका-ए की कमर तोड़ दी और अपना 10 विकेट हॉल पूरा किया।
यह भी पढ़ें: आधी-अधूरी तैयारी, टीम में जगह भी नहीं... रवि बिश्नोई का सेलेक्शन ही क्यों?
उनकी तूफानी गेंदबाजी के सामने श्रीलंका-ए की टीम दूसरी पारी में 209 रन बनाकर ढेर हो गई। इंडिया-ए को जीत के लिए सिर्फ 33 रन का लक्ष्य मिला। साई सुदर्शन और अमन मोखाड़े ने 6.2 ओवर में बगैर किसी नुकसान के इंडिया-ए को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। इस सीरीज का पहला मुकाबला ड्रॉ रहा था। इंडिया-ए ने सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया। इंडिया-ए के लिए यह दौरा बेहद सफल रहा। टीम ने इससे पहले दाम्बुला में आयोजित वनडे ट्राई सीरीज का खिताब जीता था।
15 अगस्त से गॉल में ही भारत-श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत होगी। इससे पहले नियमित टेस्ट खिलाड़ी साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल को इस दौरे पर अच्छा मैच अभ्यास मिला।
यह भी पढ़ें: बाबर आजम की कप्तानी का रिकॉर्ड कैसा है? पाकिस्तान ने फिर थमाई टेस्ट की कमान
बराड़ को मिलेगा डेब्यू का मौका?
श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम में जगह के एक अन्य दावेदार आकिब नबी की तुलना में बराड़ का प्रदर्शन कहीं अधिक प्रभावशाली रहा। पंजाब के इस तेज गेंदबाज ने पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत के लिए डेब्यू करते हुए भी प्रभावित किया था। वह टेस्ट टीम का भी हिस्सा थे लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला। देखना दिलचस्प होगा कि श्रीलंका में धारदार गेंदबाजी के बाद उन्हें टेस्ट डेब्यू कैप सौंपी जाती है या नहीं।