भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर से होनी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दिल्ली में होने वाली इस सीरीज के लिए सोमवार (1 सितंबर) को टीम इंडिया का ऐलान किया।
जसप्रीत बुमराह
,
संजू सैमसन
, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल जैसे बड़े खिलाड़ियों की टीम में वापसी हुई है। ये खिलाड़ी जिम्बाब्वे दौरे पर नहीं गए थे। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज रिंकू सिंह एक बार फिर बाहर कर दिए गए हैं।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में वापसी करने वाले रिंकू को तीनों मैचों में खिलाया गया था लेकिन उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने को नहीं मिली। पहले मैच में रिंकू की बल्लेबाजी ही नहीं आई, जबकि दूसरे मुकाबले के आखिरी ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने 8 गेंद में 12 रन बनाए थे। तीसरे टी20 में रिंकू 18वें ओवर में बैटिंग करने आए और उन्होंने महज 14 गेंद में 25 रन ठोक दिए, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। रिंकू को इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से बाहर रखा गया था। अब उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया है।
रजत पाटीदार को फिर से नजरअंदाज किया गया है। पाटीदार ने अपनी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (
RCB
) को लगातार दो इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) खिताब जिताए हैं लेकिन सेलेक्टर्स उनकी ओर देख भी नहीं रहे हैं। पाटीदार ने IPL 2026 में 14 पारियों में 192.69 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बटोरे थे। इस धांसू प्रदर्शन के बावजूद उन्हें टी20 टीम में नहीं शामिल किया जा रहा है। रिंकू-पाटीदार के अलावा 3 और भी खिलाड़ी हैं, जिनके साथ सेलेक्टर्स ने नाइंसाफी की है।
यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में वैभव-ईशान की टीम, सेंट्रल जोन को 4 विकेट से हराया
क्रुणाल पंड्या
अनुभवी ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या ने पिछले दो IPL सीजन में बल्ले और गेंद से गजब का प्रदर्शन किया है। उन्होंने IPL 2025 में 17 विकेट लेने के अलावा 109 रन बनाए थे। वहीं IPL 2026 में उन्होंने 145.80 के स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए और 14 विकेट अपनी झोली में डाले। आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे पर अक्षर पटेल की अगुवाई वाली स्पिन डिपार्टमेंट के फेल होने से उम्मीद थी कि क्रुणाल की टीम इंडिया में वापसी होगी लेकिन उन्हें नहीं चुना गया।
प्रिंस यादव
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने IPL 2026 में धमाल मचाने के बाद भारतीय टीम के लिए वनडे और टी20 डेब्यू किया था। प्रिंस ने आयरलैंड के खिलाफ 2 टी20 में 5 विकेट झटके, जबकि इंग्लैंड दौरे पर उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2 टी20 खेले और दोनों में 2-2 विकेट झटके। समझा जा रहा था कि अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्हें मौका दिया जाएगा लेकिन उन्हें बाहर रखा गया है।
यह भी पढ़ें: 1 वर्ल्ड कप, 125 इंटरनेशनल गोल... अर्जेंटीना के लिए कमाल के हैं मेसी के आंकड़े
कुलदीप यादव
बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव टेस्ट और वनडे की प्लेइंग-XI से लगातार अंदर-बाहर हो रहे हैं। वहीं टी20 स्क्वॉड में उन्हें रखा भी नहीं जा रहा। कुलदीप ने अपना आखिरी टी20 इंरनेशनल मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला था। कुलदीप जैसा स्किल वाला 'लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिनर' दुनिया में कोई नहीं है लेकिन वह भारतीय टी20 टीम में चुनने लायक भी नहीं समझे जा रहे।