logo

मूड

ट्रेंडिंग:

टेस्ट क्रिकेट में भारत की सबसे बड़ी जीत, मुल्लांपुर में चाय पीकर ढह गए अफगानी

भारत ने 564 रन बनाने के बाद अफगानिस्तान को 152 और 112 रन पर समेट टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है।

Washington Sundar Team India IND vs AFG Test

विकेल लेने के बाद साथी खिलाड़ियों संग जश्न मनाते वॉशिंगटन सुंदर, Photo Credit: BCCI/X

भारत ने मुल्लांपुर टेस्ट में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंद दिया है। टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया की यह पारी के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। भारतीय टीम ने 564 रन के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित करने के बाद अफगानिस्तान को 152 रन पर ढेर कर दिया था। भारत ने 412 रन की भारी भरकम बढ़त हासिल की। शुभमन गिल ने सोमवार (8 जून) की सुबह अफगानी टीम को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। फॉलोऑन खेलने उतरी अफगानी टीम महज 35.5 ओवर ही टिक पाई और 112 रन पर सिमट गई।

 

अफगानिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सिर्फ सेदिकुल्लाह अटल ही भारतीय गेंदबाजों का सामना कर पाए। उन्होंने 80 गेंद में 42 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज ने 24, जबकि रहमत शाह ने 13 रन बनाए। इसके अलावा कोई अफगानी बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच सका। शराफुद्दीन अशरफ चोट के कारण दूसरी पारी बल्लेबाजी करने नहीं आ सके। भारत के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने 4, जबकि कुलदीप यादव ने 3 विकेट झटके।

 

यह भी पढ़ें: नॉर्वे चेस जीता, CM विजय को भी दी मात, अब प्रज्ञानानंदा को मिल गया 50 लाख का चेक

पारी के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत

  • अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराया, मुल्लांपुर, 2026
  • वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया, राजकोट, 2018
  • अफगानिस्तान को पारी और 262 रन से हराया, बेंगलुरु, 2018
  • बांग्लादेश को पारी और 239 रन से हराया, मीरपुर, 2007
  • श्रीलंका को पारी और 239 रन से हराया, नागपुर, 2017

यह भी पढ़ें: नॉर्वे चेस जीता, CM विजय को भी दी मात, अब प्रज्ञानानंदा को मिल गया 50 लाख का चेक

टी-ब्रेक के बाद ढह गई अफगानी टीम

अफगानिस्तान की टीम 113 रन से अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाने उतरी थी, जिसमें वह 39 रन ही जोड़ पाई। टेस्ट डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने 6 विकेट लेकर उसका पुलिंदा बांधा। फॉलोऑन के लिए मजबूर किए जाने के बाद अफगानिस्तान ने लंच तक 4 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 18 रन बना लिए थे। इसके बाद उसने अगले सेशन में 5 विकेट खोकर 80 रन बनाए। टी-ब्रेक तक उसका स्कोर 98/5 था। लग रहा था कि वह दिन के आखिरी सेशन को पूरा खेल मैच को चौथे दिन तक खींच ले जाएगी लेकिन टी-ब्रेक के बाद उसने 6.5 ओवर में 4 विकेट गंवा दिए। कुलदीप यादव ने 2 गेंद में 2 विकेट लेकर उसकी पारी खत्म की। पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले मानव सुथार ने दूसरी पारी में 1 सफलता हासिल की।

 

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन: सिंधु के पास बड़ा मौका... खत्म होगा खिताब का इंतजार?

गिल-राहुल ने जड़े शतक

भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए कप्तान शुभमन गिल (126) और केएल राहुल (100) के शतकों की मदद से 8 विकेट के नुकसान पर 564 रन बनाए थे। साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन का योगदान दिया। वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद रहे। बल्लेबाजों के एकजुट प्रदर्शन के बाद धारदार गेंदबाजी से टीम इंडिया ने इस इकलौते टेस्ट में अफगानिस्तान को ढाई दिन में ही शिकस्त दे दी। अब दोनों टीमें 13 जून से 3 मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने होंगी।


और पढ़ें