जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी का इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अब तक सफर कुछ खास नहीं रहा है। घरेलू क्रिकेट में कोहराम मचाने वाले इस पेसर ने अपने डेब्यू सीजन में दो मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। आकिब को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था लेकिन वह फ्रेंचाइजी की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए हैं। DC की प्लेइंग-XI में भी उनकी जगह को खतरा है। इस बीच आकिब के लिए एक अच्छी खबर आई है। उनकी बरसों की मेहनत रंग लाने वाली है। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज की टीम इंडिया में एंट्री होने वाली है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, IPL 2026 के तुरंत बाद अफगानिस्तान के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले इकलौते टेस्ट के लिए सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है, जिससे आकिब के लिए दरवाजे खुलेंगे।
यह भी पढ़ें: GT vs MI: फिर फ्लॉप हुए सूर्यकुमार यादव, सोशल मीडिया पर फैंस ने लगाई क्लास
आकिब समेत इन खिलाड़ियों की चमकेगी किस्तम
भारतीय टीम का इंटरनेशनल कैलेंडर काफी व्यस्त है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम मिलना तय है। रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह का वर्कलोड मैनेज किया जाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट 6 जून से शुरू होगा। इससे 5 दिन पहले IPL 2026 का समापन होगा। खिलाड़ियों की थकान और इंजरी रिस्क को देखते हुए मैनेजमेंट जोखिम नहीं लेना चाहता। आगामी महत्वपूर्ण सीरीज के लिए प्लेयर्स को फ्रेश रखने का प्लान है। ऐसे में आकिब समेत हर्ष दुबे, मानव सुथार और देवदत्त पडिक्कल की किस्मत चमक सकती है। तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ भी सेलेक्टर्स की नजरों में हैं।
इसके अलावा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी पर भी निगाहें रहेंगी। नीतीश ने अपनी बॉलिंग में सुधार किया है, जिससे उनके नाम पर फिर से चर्चा हो सकती है। हालांकि सेलेक्शन कमिटी जल्दबाजी के मूड में नहीं है। मेडिकल टीम की सलाह पर ही कोई फैसला लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: GT vs MI: तिलक-अश्विन ने कराया मुंबई की वापसी, गुजरात को 99 रनों से हराया
लाल गेंद से कहर बरपाते हैं आकिब
29 साल के आकिब ने पिछले रणजी सीजन में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन बनाया था। आकिब पिछले 2 रणजी सीजन में 104 विकेट चटका चुके हैं। घरेलू सर्किट में वह अपनी सटीक लाइन लेंथ और स्विंग से दिग्गज बल्लेबाजों को भी परेशान करते रहे हैं। उन्होंने अब तक 41 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें 18.37 की बेहतरीन औसत से 156 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 16 बार 5 विकेट हॉल लिया है।