भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और अपने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया। इंग्लिश टीम ने 50 ओवर में सिर्फ 3 विकेट खोकर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
भारतीय गेंदबाज पूरे मैच में बेअसर नजर आए और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने उनका जमकर फायदा उठाया। बेन डकेट ने शानदार शतक जड़ा, जबकि जेकब बेथेल और जो रूट ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। आपको बता दें कि लॉर्ड्स के मैदान पर 300 से ज्यादा रन का टारगेट अब तक सिर्फ एक बार ही चेज हुआ है। 2002 के नैटवेस्ट फाइनल में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 326 रन बनाकर यह कारनामा किया था।
यह भी पढ़ें: IND v ENG: रोहित शर्मा के संन्यास की खबर बाहर कैसे आई? गंभीर-अगरकर से BCCI नाराज
इंग्लैंड की पारी
इंग्लैंड ने अपनी पारी की शुरुआत दमदार अंदाज में की और पहले 30 ओवर तक भारतीय गेंदबाजों को एक भी विकेट नहीं लेने दिया। शुरुआती 10 ओवर में टीम ने 58 रन बनाए। इसके बाद 11 से 20 ओवर के बीच 67 रन और 21 से 30 ओवर में भी 67 रन जोड़े। 31 से 40 ओवर के दौरान इंग्लैंड ने एक विकेट गंवाया लेकिन फिर भी 69 रन बटोर लिए। इसके बाद आखिरी 10 ओवरों में इंग्लिश बल्लेबाजों ने पूरी तरह गियर बदल दिया और सिर्फ 2 विकेट खोकर 126 रन ठोक दिए। इसी धमाकेदार फिनिश की बदौलत इंग्लैंड ने 50 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 387 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
यह भी पढ़ें: ICC ने पाकिस्तानी ऑलराउंडर पर लगाया 3 महीने का बैन, डोपिंग से जुड़ा है मामला
डकेट-बेथेल-रूट का गरजा बल्ला
इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह अब लॉर्ड्स मैदान पर बतौर ओपनर टेस्ट और वनडे दोनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। डकेट ने 135 गेंदों पर 141 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके साथ जैकब बेथेल ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 93 गेंदों में 91 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 192 रन की बड़ी साझेदारी की। इसके बाद जो रूट 74 रन और जोश बटलर 41 रन बनाकर नाबाद लौटे।
फ्लॉप हुए भारतीय गेंदबाज
इस मैच में गुरनूर बराड़ सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने अपने पूरे स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 97 रन खर्च कर दिए। अर्शदीप सिंह का भी दिन अच्छा नहीं रहा। उन्हें भी एक भी विकेट नहीं मिला और उन्होंने 72 रन दे दिए। अक्षर पटेल भी कोई सफलता हासिल नहीं कर सके और उनके खाते में 61 रन गए। वहीं, दूसरी ओर प्रिंस यादव ने 1 विकेट झटका, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 बल्लेबाज़ों को पवेलियन भेजा।