FIH मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में आज (19 अगस्त) भारत और पाकिस्तान के बीच भिड़ंत होनी है। यह महत्वपूर्ण मुकाबला भारतीय समयानुसार, शाम 6:30 बजे से नीदरलैंड्स के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत पूल-डी में दूसरे पायदान पर है, जबकि पाकिस्तान तीसरे नंबर पर है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम को दूसरे राउंड में जाने कि लिए सिर्फ ड्रॉ की जरूरत है, जबकि पाकिस्तान को हर हाल में जीत चाहिए। इंग्लैंड ने भारत और पाक दोनों को हराकर अगले राउंड में जगह बना ली है। ऐसे से पूल-डी से अब एक ही टीम आगे बढ़ सकती है।
टीम इंडिया ने वेल्स को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया था। इसके बाद उसे इंग्लैंड के हाथों 4-2 से बड़ी हार झेलनी पड़ी। दूसरी तरफ पाकिस्तान ने इस वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच इंग्लैंड से खेला था, जिसमें उसे 1-4 से करारी शिकस्त मिली थी। पाकिस्तान ने इसके बाद वेल्स से 3-3 से ड्रॉ खेला, जिससे उसके पास 1 ही अंक रह गए हैं। भारतीय टीम के पास 3 अंक हैं।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कहां दिखेगा मैच?
हेड टू हेड आंकड़ों में कौन है आगे?
पाकिस्तान वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल टीम है लेकिन भारत के सामने उसे संघर्ष करना पड़ा है। पाकिस्तान ने सबसे ज्यादा 4 बार वर्ल्ड कप का खिताब जीते हैं। वहीं टीम इंडिया एक ही बार वर्ल्ड चैंपियन बना पाई है। वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से भारतीय टीम ने 3 मैच जीते हैं। वहीं पाकिस्तान ने 2 मैच अपने नाम किए हैं। एक मुकाबला बराबरी पर छूटा है।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप: दूसरे राउंड में पहुंच जाएगा भारत, सेमीफाइनल मुश्किल क्यों है?
भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप में आखिरी बार 2010 में भिड़ंत हुई थी। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने 4-1 से बड़ी जीत हासिल की थी। ऑलटाइम रिकॉर्ड की बात करें तो पाकिस्तान आगे है। भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक 183 मैच हुए हैं। इनमें से पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं, जबकि भारत ने 69 मैचों में बाजी मारी है। 32 मैच ड्रॉ रहे हैं। हालिया समय में टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान की टीम बेबस नजर आई है। पाक टीम पिछले 10 साल से भारत को नहीं हरा पाई है।