logo

मूड

ट्रेंडिंग:

हॉकी वर्ल्ड कप: दूसरे राउंड में पहुंच जाएगा भारत, सेमीफाइनल मुश्किल क्यों है?

भारतीय मेंस टीम को हॉकी वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के हाथों 2-4 से करारी हार झेलनी पड़ी, जिससे उसकी सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत को अगले राउंड में पहुंचा देगी लेकिन सेमीफाइनल दूर की कौड़ी है।

Harmanpreet Singh Indian Hockey Team

भारतीय मेंस हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह (सबसे दाएं), Photo Credit: Hockey India/X

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय मेंस टीम ने वेल्स 3-1 को हराकर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन अगले ही मुकाबले में उसने हथियार डाल दिए। इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को 2-4 से करारी हार का सामना करना पड़ा। पहले हाफ में बढ़त बनाने के बावजूद आखिरी दो क्वार्टर में लचर डिफेंस के कारण भारत की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। अब उसे दूसरे राउंड में पहुंचने के लिए बुधवार (19 अगस्त) को पाकिस्तान के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करनी होगी।

 

इंग्लैंड ने पूल-डी से दूसरे राउंड में जगह बना ली है। अब इस पूल से एक ही टीम आगे जा सकती है। भारत फिलहाल 3 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है। वहीं पाकिस्तान तीसरे और वेल्स चौथे पायदान पर है। दोनों टीमों के पास 1-1 अंक हैं। वेल्स और पाकिस्तान ने आपस में ड्रॉ खेला था। इससे पहले इंग्लैंड ने वेल्स को 4-1 से हराया था।

 

यह भी पढ़ें: VETO पर फ्री में दिखेगा डेवस कप 2026, भारत की फाइनल पर हैं निगाहें

भारत को दूसरे राउंड में पहुंचने में नहीं आएगी दिक्कत

टीम इंडिया को दूसरे राउंड में जाने के लिए सिर्फ जीत की जरूरत है। सामने पाकिस्तान की टीम को देखते हुए उसका अगले राउंड में जाना तय माना जा रहा है। 8 बार की ओलंपिक चैंपियन भारत और 4 बार की वर्ल्ड कप विजेता पाकिस्तान के बीच भले ही मैदानी प्रतिद्वंद्विता का गौरवशाली इतिहास रहा हो लेकिन इन एशियन दिग्गजों के बीच पिछले लगभग सभी मुकाबले बेमेल रहे हैं।

 

भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप से ठीक पहले लंदन में प्रो-लीग के यूरोप चरण में पाकिस्तान पर 7-1 और 4-3 से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तानी टीम ने आखिरी बार भारत को 2016 चैंपियंस ट्रॉफी में हराया था। उसके बाद से भारत और पाकिस्तान के प्रदर्शन ग्राफ में जमीन आसमान का अंतर आ गया है। भारतीय टीम लगातार दो ओलंपिक मेडल जीत चुकी है, जबकि वर्ल्ड कप की सबसे सफल टीम रही पाकिस्तान टूर्नामेंट में 8 साल बाद लौटी है। वह FIH प्रो-लीग में सारे मैच हारकर आखिरी स्थान पर रही थी।

 

यह भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के... ऋषभ पंत ने तोड़ा गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड

सेमीफाइनल इतना मुश्किल क्यों हो गया है?

पाकिस्तान के खिलाफ जीत भारत को दूसरे राउंड में पहुंचा देगी। वेल्स की टीम भी रेस में है लेकिन उसे इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को बड़े अंतर से हराना होगा, जो मुमकिन नहीं है। भारत का गोल औसत वेल्स से बेहतर है। ऐसे में टीम इंडिया अगले राउंड में पहुंचने की मजबूत दावेदार है। हालांकि वह अगले राउंड में कोई अंक कैरी नहीं कर पाएगी। ऐसा इसलिए, क्योंकि पूल-डी से इंग्लैंड की टीम दूसरे राउंड में पहुंच चुकी है। इंग्लैंड ने भारत को हराया था, जिससे वह 3 अंक लेकर आगे जाएगा।

 

वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट के अनुसार, दूसरे राउंड में पूल-डी से टॉप-2 टीमें पूल-ए की टॉप-2 टीमों का सामना करेंगी। भारत अगले राउंड में पहुंचता है, तो उसे अर्जेंटीना और नीदरलैंड्स जैसी टीमों का सामना करना होगा। दोनों टीमें रैंकिंग में भारत से ऊपर हैं। इसलिए भारत की सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो गई है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम को टॉप-4 में पहुंचने के लिए दूसरे राउंड में बड़ा उलटफेर करना होगा और साथ ही उसे दुआ करनी होगी कि दूसरी टीमों के नतीजे भी उसके हक में जाएं। हालांकि भारत के कमजोर डिफेंस को देखते हुए यह मुमकिन होता नहीं दिख रहा है।


और पढ़ें