भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा और निर्णायक वनडे विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डीकॉक ने 89 गेंद में 8 चौके और 6 छक्के उड़ाते हुए 106 रन की पारी खेली है। डीकॉक ने अपनी पारी की शुरुआत में कुछ गेंदों को सावधानी से खेला और एक बार आंख जमने के बाद अपना विस्फोटक अंदाज दिखाया।
डीकॉक ने छक्के के साथ 42 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अपना शतक भी इसी अंदाज में ठोका। डीकॉक अपनी 23वीं वनडे सेंचुरी तक महज 80 गेंद में पहुंचे। उनका यह भारत के खिलाफ सातवां वनडे शतक था। उन्होंने टीम इंडिया के सामने सबसे ज्यादा ODI सेंचुरी जड़ने के मामले में सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड की बराबरी की। जयसूर्या ने 85 पारियों में 7 वनडे शतक लगाए थे। वहीं डीकॉक महज 23 पारियों में उनके बराबर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें: केएल राहुल ने क्या टोटका किया कि टीम इंडिया टॉस जीत गई? VIDEO
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक
- क्विंटन डीकॉक - 7 शतक (23 पारी)
- सनथ जयसूर्या - 7 शतक (85 पारी)
- एबी डिविलियर्स - 6 शतक (32 पारी)
- रिकी पोंटिंग - 6 शतक (59 पारी)
- कुमार संगकारा - 6 शतक (71 पारी)
इतना ही नहीं क्विंटन डीकॉक किसी एक टीम के खिलाफ 7 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले वह कुमार संगाकारा (6 शतक) और एडन गिलक्रिस्ट (6 शतक) के साथ बराबरी पर थे।
यह भी पढ़ें: विशाखापट्टनम वनडे के बाद नए साल में कितनी बदल जाएगी टीम इंडिया?
किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा ODI शतक लगाने वाले विकेटकीपर
- क्विंटन डीकॉक - 7 शतक बनाम भारत
- एडम गिलक्रिस्ट - 6 शतक बनाम श्रीलंका
- कुमार संगकारा - 6 शतक बनाम भारत
- कुमार संगकारा - 5 शतक बनाम बांग्लादेश
- क्विंटन डीकॉक - 4 शतक बनाम श्रीलंका
- कुमार संगकारा - 4 शतक बनाम इंग्लैंड
कोहली को भी छोड़ा पीछे
विशाखापट्टनम में शतक जड़ते ही ODI में डीकॉक का 50 से 100 का कन्वर्जन रेट 41.81 फीसदी हो गया, जो विराट कोहली (41.40%) से भी बेहतर है। डीकॉक ने वनडे क्रिकेट में 55 बार 50 रन का आंकड़ा पार किया है और 23 शतक लगाए हैं। कम से कम 100 वनडे पारियों में बैटिंग करने वाले खिलाड़ियों में उनका कन्वर्जन रेट सबसे बेहतरीन हो गया है।
ODI में बेस्ट कन्वर्जन (50 से 100) रेट
- क्विंटन डीकॉक - 41.81%
- विराट कोहली - 41.40%
- हाशिम अमला - 40.91%
- डेविड वार्नर - 40%
- शाई होप - 38.78%
*कम से कम 100 पारियां
डीकॉक ने सचिन-रोहित के क्लब में ली एंट्री
क्विंटन डीकॉक ने भारतीय सरजमीं पर सातवां वनडे शतक लगाया है। उन्होंने 2023 वर्ल्ड कप में 4 शतक जड़े थे। इसके बाद वनडे क्रिकेट से दूरी बना ली थी। अब उन्होंने इस फॉर्मेट में बेहतरीन वापसी करते हुए सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के एक खास क्लब में एंट्री ले ली।
घर से बाहर किसी एक देश में सबसे ज्यादा ODI शतक
- सचिन तेंदुलकर - UAE में 7 शतक
- सईद अनवर - UAE में 7 शतक
- एबी डिविलियर्स - भारत में 7 शतक
- रोहित शर्मा - इंग्लैंड में 7 शतक
- क्विंटन डीकॉक - भारत में 7 शतक
इतिहास रचने से एक कदम दूर
क्विंटन डीकॉक बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज सबसे ज्यादा वनडे शतक ठोकने के मामले में कुमार संगाकारा के बराबर पहुंच गए हैं। एक और शतक लगाते ही वह इतिहास रच देंगे।
सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले विकेटकीपर
- कुमार संगकारा - 23 शतक
- क्विंटन डीकॉक - 23 शतक
- शाई होप - 19 शतक
- एडम गिलक्रिस्ट - 16 शतक
- जोस बटलर - 11 शतक
- एबी डिविलियर्स - 10 शतक
- एमएस धोनी - 10 शतक