टीम इंडिया ने सरफराज खान को एक बार फिर प्लेइंग-XI से बाहर रखा है। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में सरफराज को मौका नहीं मिला है। चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में आए 28 साल के सरफराज के ऊपर ध्रुव जुरेल को तरजीह दी गई है। जुरेल नंबर-6 पर बैटिंग करेंगे। 25 वर्षीय यह विकेटकीपर बल्लेबाज पिछली 7 टेस्ट पारियों में कोई अर्धशतक नहीं लगा सका है। जुरेल पिछले साल के अंत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए थे।
उन्होंने 2 टेस्ट मैचों में की 4 पारियों में सिर्फ 29 रन बनाए थे। इस सीरीज में साउथ अफ्रीका ने भारत का सूपड़ा साफ कर दिया था। जुरेल को इस साल जून में अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट में भी मौका दिया गया था लेकिन वह 19 रन ही जोड़ पाए। इस मुकाबले में केएल राहुल (100) और कप्तान
शुभमन गिल
(126) ने शतकीय पारियां खेली थी। वहीं साई सुदर्शन और
ऋषभ पंत
ने 81-81 रन जड़े थे। वॉशिंगटन सुंदर ने सातवें नंबर पर आकर नाबाद 52 रन की पारी खेली थी, जो बताता है कि पिच बल्लेबाजी के लिए कितनी अच्छी थी।
यह भी पढ़ें: JioHotstar या Sony LIV, भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट मोबाइल पर कहां दिखेगा?
आंकड़ों में जुरेल से कहीं आगे हैं सरफराज
सरफराज और जुरेल ने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में एक साथ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। सरफराज को जहां 6 ही टेस्ट खेलने को मिले हैं, वहीं जुरेल 11वां टेस्ट खेल रहे हैं। सरफराज ने टेस्ट क्रिकेट 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। जुरेल की बात करें तो उन्होंने 34.14 की औसत से 478 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 1 शतक और 1 अर्धशतक लगाया है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सरफराज के आंकड़े अविश्वसनीय हैं। उन्होंने 62 फर्स्ट क्लास मैचों में 64.73 की बेजोड़ औसत से 5114 रन बनाए हैं। उन्होंने 17 शतक और 16 अर्धशतक ठोके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनका बेस्ट स्कोर 301 है। जुरेल ने अब तक 36 फर्स्ट क्लास मैचों में 55.17 की औसत से 2538 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 249 है।
यह भी पढ़ें: मैच छोड़ गर्लफ्रेंड से चैट कर रहा था खिलाड़ी, BCCI ने दी बड़ी सजा
रेड बॉल क्रिकेट में सरफराज के सामने जुरेल कहीं नहीं टिकते हैं। सरफराज स्पिन खेलने के मामले में भी उनसे बेहतर हैं। इसके बावजूद भारतीय टीम मैनेजमेंट ने गॉल में सरफराज को नहीं जुरेल को खिलाया है। गौरतलब है कि सरफराज पिछले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया गए थे लेकिन वह 5 टेस्ट मैचों की पूरी सीरीज में सिर्फ पानी पिलाते ही नजर आए।