एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की शुरुआत 27 अक्टूबर से होने जा रही है। यह टूर्नामेंट का 9वां एडिशन होगा है। 5 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के मैच जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का पहला एडिशन 2011 में खेला गया था। इसके 8 एडिशन में भारतीय मेंस हॉकी टीम 5 बार खिताब जीत चुकी है। भारत की उपलब्धियों में पहले टूर्नामेंट में रोमांचक शूटआउट जीत से लेकर 2024 में चीन में अपने खिताब का बचाव करना शामिल है। अब हरमनप्रीत की सेना छठे खिताब की तलाश में उतरने वाली है।
पाक को हराकर पहली बार चैंपियन बनी टीम इंडिया
पहली बार एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन चीन के ओर्डोस में किया गया था। इसमें छह टीमों ने भाग लिया था। मेजबान चीन के अलावा भारत, मलेशिया, पाकिस्तान, साउथ कोरिया और जापान की टीमें उतरी थीं। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए फाइनल में कोई भी टीम निर्धारित समय तक गोल नहीं कर पाई थी। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें भारत ने 4-2 से जीत हासिल की। इस तरह से भारत इस टूर्नामेंट का पहला चैंपियन बना।
दूसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 2013 में किया गया था। इसके बाद 2016 में मलेशिया के कुआंटन में तीसरा टूर्नामेंट खेला गया था। भारत इसमें चैंपियन बना था। साल 2016 की प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छह टीमों में भारत, पाकिस्तान, साउथ कोरिया, जापान, मलेशिया और चीन शामिल थे। भारत फाइनल में पहुंचा और उसका सामना पाकिस्तान से हुआ। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ने 3-2 से जीत हासिल की और अपना दूसरा खिताब जीता। रुपिंदर पाल सिंह, अफ्फान यूसुफ और निकिन थिम्मैया ने भारत की तरफ से गोल किए।
यह भी पढ़ें: डेनमार्क ओपन: पीवी सिंधु के सामने कड़ी चुनौती, लक्ष्य सेन की राह भी नहीं है आसान
भारत ने अपना तीसरा खिताब 2018 में ओमान के मस्कट में आयोजित पांचवीं एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में जीता था। इस प्रतियोगिता में भारत, जापान, मलेशिया, ओमान, पाकिस्तान और साउथ कोरिया ने भाग लिया था। भारत और पाकिस्तान फाइनल में पहुंचे थे लेकिन लगातार बारिश के कारण मैच पूरा नहीं हो सका और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी के पहले दिन जडेजा-शमी का जलवा, बाकी स्टार प्लेयर्स का क्या हाल रहा?
मलेशिया और चीन को भी हराकर खिताब जीत चुका है भारत
भारत ने 2023 में चेन्नई में खेली गई सातवीं एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में फिर से खिताब जीता था। फाइनल में उसका मुकाबला मलेशिया से था। भारत एक समय पिछड़ रहा था लेकिन उसने शानदार वापसी करते हुए 4-3 से जीत हासिल की। पहले हाफ में मलेशिया 3-1 से आगे था लेकिन आखिरी 16 मिनट में हरमनप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और आकाशदीप सिंह के गोल ने मैच का रुख ही पलट दिया। इस जीत के साथ भारत ने अपना चौथा खिताब जीता और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल टीम बन गई।
भारत ने चीन के हुलुनबुइर में खेली गई आठवीं चैंपियंस ट्रॉफी में भी अपनी लय बरकरार रखी। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका सामना चीन से हुआ। भारत ने इस कड़े मुकाबले में जुगराज सिंह के निर्णायक गोल से 1-0 से जीत हासिल की।