ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय महिला टीम ने टी20 सीरीज जीत ली है। टीम इंडिया ने एडिलेड में खेले गए तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हरा दिया। इसके साथ ही हरमनप्रीत कौर ब्रिगेड ने 3 मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर मेजबान टीम के खिलाफ भारत की यह दूसरी टी20 सीरीज जीत है।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया था। स्मृति मंधाना ने 55 गेंद में 82 रन की पारी खेली। वहीं जेमिमाह रॉड्रिग्स ने 46 गेंद में 59 रन जड़े। इसके बाद गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को लगातार अंतराल पर झटके दिए और उसे 159/9 के स्कोर पर रोक दिया। यह मुकाबला हारते ही ऑस्ट्रेलियाई टीम का 7 बाइलेटरल टी20 सीरीज से चला आ रहा विजयरथ रुक गया।
यह भी पढ़ें: टॉप-3 पर टिका है साउथ अफ्रीका, मारक्रम-डिकॉक-रिकलटन नहीं चले तो क्या होगा?
स्मृति-जेमिमाह के बीच हुई शतकीय साझेदारी
पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा 6 गेंद में 7 रन बनाकर तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति और जेमिमाह ने दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी। स्मृति अपने दूसरे शतक की ओर आसानी से बढ़ती दिख रही थीं लेकिन वह 17वें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठीं।
उनके जाने के बाद ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और 7 गेंद में 18 रन ठोक भारत को 170 के करीब पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से ऐनाबेल सदरलैंड ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट झटके। उनके अलावा कोई गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम नहीं लगा सका।
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा को ड्रॉप करे टीम इंडिया, फिर दूर हो जाएंगी सारी परेशानियां!
श्रेयंका-चरणी ने बांधा ऑस्ट्रेलिया का पुलिंदा
ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने अपने पहले दो ओवर में जॉर्जिया वॉल और एलिस पेरी के रूप में ऑस्ट्रेलिया को दो तगड़े झटके दिए, जिससे मेजबान टीम कभी उबर नहीं पाई। श्रेयंका का अच्छा साथ देते हुए रेणुका सिंह ने पावरप्ले के अंदर बेथ मूनी का विकेट चटकाया। इसके बाद श्री चरणी ने फीबी लिचफील्ड को चलता कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 63/4 कर दिया। ऐश्ली गार्डनर ने 45 गेंद में 57 रन बनाए लेकिन वह सिर्फ हार का अंतर ही कम कर सकीं।
श्रेयंका ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं श्री चरणी ने 4 ओवर में 32 रन देकर इतने ही विकेट अपनी झोली में डाले। भारतीय टीम ने मल्टी फॉर्मेट दौरे पर है। अब ऑस्ट्रेलिया से उसे 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। इसके बाद एक टेस्ट मैच होगा, जिसकी मेजबानी पर्थ स्टेडियम को दी गई है।