टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। अभिषेक लगातार तीन मैचों में डक पर आउट हुए हैं। उनके बल्ले से रन नहीं आना, उतनी चिंता की बात नहीं है। सबसे बड़ा सवाल अभिषेक के माइंडसेट को लेकर है। वह धीमी पिचों पर भी पहले ओवर से ही अटैक करने जा रहे हैं और अपना विकेट गंवा दे रहे हैं, जिससे टीम पर दबाव बढ़ रहा है।
ग्रुप स्टेज में भारतीय टीम के सामने कोई मजबूत टीम नहीं थी। इस कारण नतीजों पर कोई असर नहीं पड़े लेकिन अब सुपर-8 में गलती की गुंजाइश नहीं है। टीम इंडिया रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका से टकराने वाली है। इस मुकाबले में भारतीय टीम का असली टेस्ट होगा। अगर टीम मैनेजमेंट अभिषेक को खिलाती है तो फिर से वही परेशानी होगी, जो ग्रुप स्टेज में देखने को मिला था। साउथ अफ्रीकी टीम ऑफ स्पिनर को अटैक पर लगा सकती है, जिससे बाकी बल्लेबाजों की भी मुश्किलें बढ़ेंगी।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: अब शुरू होगी सुपर-8 की जंग, रन बनाने में कौन सबसे आगे है?
अभिषेक को ड्रॉप करना कितना सही?
25 साल के अभिषेक जुलाई 2024 में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने के बाद से इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के मजबूत स्तंभ बने हुए हैं। वह ICC की टी20 रैंकिंग में भी नंबर-1 बल्लेबाज हैं। ऐसे में उन्हें ड्रॉप करना आसान नहीं है। मगर कुछ टैक्टिल कारणों से उन्हें बाहर रखना फायदेमंद हो सकता है। अभी टीम इंडिया के टॉप-8 में 6 बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इसे देखते हुए विपक्षी टीमें ज्यादा ऑफ स्पिनर के साथ अटैक कर रही हैं। भारतीय टीम को इसका तोड़ निकालने के लिए अभिषेक की जगह संजू सैमसन को खिला सकती है।
दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेला है, जिसमें उन्होंने 8 गेंद में 22 रन ठोक दिए थे। संजू को खिलाने से टीम इंडिया को टॉप ऑर्डर में दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाज का कॉम्बिनेशन मिलेगा, जो ऑफ स्पिनर को काउंटर करने के लिए अहम होगा। अगर अभिषेक को ही खिलाया जाता है तो यह तय है कि भारत की बल्लेबाजी के दौरान पहला ओवर साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मारक्रम डालेंगे। कैगिसो रबाडा या लुंगी एनगिडी को गेंद थमाने के बजाय मारक्रम खुद ऑफ ब्रेक गेंदबाजी करते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने हॉकी कप्तान पर से बैन हटाया, बर्तन धोने की बात कहने पर हुआ था ऐक्शन
भारत की संभावित प्लेइंग-XI: ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह