ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आज (20 फरवरी) आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला खेला जाना है। टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम पल्लेकेले में ओमान का सामना करेगी। इसके बाद टूर्नामेंट सुपर-8 स्टेज में पहुंचेगा, जिसके मुकाबले कल से खेले जाएंगे। पहले मैच में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टक्कर होगी। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला रविवार को खेलेगी। उसके सामने साउथ अफ्रीका की चुनौती होगी। उससे पहले आइए जानते हैं रन बनाने के मामले में कौन आगे चल रहा है।
साहिबजादा फरहान - पाकिस्तान के ओपनर साहिबजादा फरहान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर चल रहे हैं। वह नामीबिया के खिलाफ पिछले मैच में नाबाद 100 रन की पारी खेल नंबर-1 पर पहुंचे थे। साहिबजादा ने 4 मैचों में 73.33 की औसत और 164.17 के स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक के अलावा एक अर्धशतक भी निकला है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने हॉकी कप्तान पर से बैन हटाया, बर्तन धोने की बात कहने पर हुआ था ऐक्शन
पथुम निसंका - श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका ने 4 मैचों में 66.33 की औसत से 199 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 156.69 का रहा है। पथुम भी शतक जड़ चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़े रन चेज में उन्होंने नाबाद 100 रन की यादगार पारी खेली थी। इसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 41 गेंद में 62 रन जड़े थे।
कुसल मेंडिस - श्रीलंकाई विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस तीसरे नंबर पर हैं। मेंडिस ने 4 मैचों में 60.66 की औसत और 124.65 के स्ट्राइक रेट से 182 रन बटोरे हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकल चुके हैं।
यह भी पढ़ें: 33 करोड़ घंटे... भारत-पाकिस्तान मैच ने तोड़ डाले व्यूरशिप के सारे रिकॉर्ड
एडन मारक्रम - साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मारक्रम ने 4 मैचों में 59.33 की औसत से 178 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 187.36 का है। मारक्रम ने 2 अर्धशतक लगाए हैं और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 86 है।
ईशान किशन - भारतीय सलामी बल्लेबाज ईशान किशन इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। ईशान ने 4 मैचों में 44 की औसत और 202.29 के स्ट्राइक रेट से 176 रन जड़े हैं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-30 बल्लेबाजों में उनका स्ट्राइक रेट सबसे बेहतरीन है। ईशान दो अर्धशतकीय पारियां खेल चुके हैं।