• AHMEDABAD
06 Mar 2026, (अपडेटेड 06 Mar 2026, 10:31 PM IST)
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाना है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले से पहले पिच को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम, Photo Credit: BCCI/X
भारत और न्यूजीलैंड के बीच ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार (8 मार्च) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले के लिए कीवी टीम अहमदाबाद पहुंच चुकी है। उसने पहला सेमीफाइनल खेला था। बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को रौंदने के बाद अगले दिन न्यूजीलैंड की टीम ने अहमदाबाद की फ्लाइट पकड़ी।
कीवी टीम ने अहमदाबाद पहुंचकर ट्रेनिंग भी शुरू कर दी है। उधर भारतीय टीम दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंची। टीम इंडिया शनिवार को ट्रेनिंग करेगी। इस बीच पिच को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। फाइनल मुकाबला उसी तरह की पिच पर खेला जाएगा, जैसी पिच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए सेमीफाइनल में इस्तेमाल की गई थी।
सेमीफाइनल के लिए वानखेड़े स्टेडियम में हरी पिच तैयार की गई थी। पिच को लेकर पहले सवाल उठे थे लेकिन यहां 499 रन बन गए। खिताबी मुकाबले के लिए अहमदाबाद की पिच भी कुछ ऐसी ही होगी। ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, लाल और काली मिट्टी के मिश्रण से तैयार हुई सेंटर पिच पर फाइनल मुकाबला होगा। वानखेड़े की तरह यहां भी अच्छी उछाल देखने को मिलेगी। स्पिनरों के लिए कम मदद रहने की संभावना है। फाइनल मुकाबला भी हाई-स्कोरिंग रहने वाला है।
भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मुकाबले में इस्तेमाल की जाने वाली पिच पर इस टी20 वर्ल्ड कप का एक ही मैच खेला गया है। यानी पिच लगभग फ्रेश है। इस पिच पर साउथ अफ्रीका और कनाडा का मैच 9 फरवरी को हुआ था। उस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने 213 रन का स्कोर खड़ा किया था।