भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (21 जनवरी) को नागपुर में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 48 रन से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 7 विकेट के नुकसान पर 238 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में कीवी टीम 7 विकेट खोकर 194 रन ही बना सकी।
अभिषेक-रिंकू ने काटा गदर
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर संजू सैमसन 7 गेंद में 10 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में आउट हो गए। उन्हें काइल जेमीसन ने अपना शिकार बनाया। दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे ईशान किशन भी कुछ खास नहीं कर सके। वह अगले ही ओवर में चलते बने। नंबर-3 पर उतरे ईशान ने 5 गेंद में 2 चौकों की मदद से 8 रन बनाए। उनके जाने के बाद अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 99 रन की आतिशी साझेदारी की।
सूर्या ने फॉर्म में लौटने के संकेत दिए और 22 गेंद में 32 रन ठोके। अभिषेक ने 12 ओवर तक एक छोर संभाले रखा और 35 गेंद में 5 चौके और 8 छक्के की मदद से 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भारत ने शिवम दुबे (4 गेंद में 9 रन), हार्दिक पंड्या (16 गेंद में 25) और अक्षर पटेल (5 गेंद में 5 रन) के भी विकेट जल्दी-जल्दी खो दिए।
ऐसा लग रहा था टीम इंडिया 220 के नीचे ही रह जाएगी लेकिन रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में 21 रन बटोर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। सातवें नंबर पर भेजे गए रिंकू 20 गेंद में 44 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के अपने स्पेल में महज 27 रन खर्चे और 2 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा ने तोड़ा रसेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड, मैक्सवेल भी पीछे छूटे
शुरुआत में ही बिखरी कीवी टीम
239 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने पहले दो ओवर में ही दो विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड की पारी की दूसरी ही गेंद पर डेवोन कॉनवे (0) चलता किया तो हार्दिक पंड्या ने अगले ओवर की तीसरी गेंद पर रचिन रवींद्र (1) को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद टिम रॉबिन्सन और ग्लेन फिलिप्स ने पावरप्ले में न्यूजीलैंड को कोई और झटका नहीं लगने दिया लेकिन फील्ड खुलते ही वरुण चक्रवर्ती ने उनकी साझेदारी तोड़ दी। वरुण ने रॉबिन्सन (21) को शिवम दुबे के हाथों लपकवाकर कीवी टीम को तीसरा झटका दिया।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश हटा तो कौन सी टीम खेलेगी T20 वर्ल्ड कप? ICC ने कर लिया फैसला!
ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड की उम्मीदें जगाई लेकिन भारतीय टीम ने रन ही इतने बना दिए थे कि वह कभी परेशान नहीं लगी। फिलिप्स न्यूजीलैंड की ओर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 40 गेंद में 78 रन जड़े। इस दौरान उनके बल्ले से 4 चौके और 6 छक्के निकले। चैपमैन ने 24 गेंद में 39, जबक डेरिल मिचेल ने 18 गेंद में 28 रन बनाए। भारत के लिए वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए। शिवम दुबे के खाते में भी 2 विकेट रहे। अर्शदीप-हार्दिक ने एक-एक विकेट चटकाए। जसप्रीत बुमराह खाली हाथ रहे।