श्रीलंका में हाल ही में आयोजित हुई वनडे ट्राई सीरीज में युवा सनसनी
वैभव सूर्यवंशी
ने इंडिया-ए के लिए डेब्यू करते हुए धमाल मचाया था। 15 साल के वैभव ने 5 मैचों में 200.95 के धांसू स्ट्राइक रेट से 211 रन जड़े थे। उन्होंने फाइनल में श्रीलंका-ए के खिलाफ 29 गेंद में 94 रन की पारी खेली थी, जिससे इंडिया-ए ने खिताब अपने नाम किया था। वैभव अब सीनियर भारतीय टीम के साथ आयरलैंड में हैं, जहां वह अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत कर सकते हैं।
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी बनेंगे। इस बीच एक और बिहारी खिलाड़ी ने इंडिया-ए के लिए डेब्यू किया है। बात हो रही है आयुष पांडेय की, जो घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ के लिए खेलते हैं लेकिन उनका जन्म बिहार की राजधानी पटना में हुआ था। आयुष को श्रीलंका-ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच में इंडिया-ए की प्लेइंग-XI में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका पहली बार FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में पहुंचा, दक्षिण कोरिया बाहर?
साई सुदर्शन के साथ किया पारी का आगाज
इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच पहला अनऑफिशियल टेस्ट मैच गॉल में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंडिया-ए की टीम टॉस जीतकर पहले बैटिंग कर रही है। डेब्यूटंट आयुष को साई सुदर्शन के साथ ओपनिंग करने के लिए भेजा गया। इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। आयुष 25 रन बनाकर लंच से ठीक पहले आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके लगाए। सुदर्शन 53 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के लिए इंग्लैंड में अलग चेजिंग रूम, क्या है ECB का नियम?
कैसे हैं आयुष के आंकड़े?
22 साल के आयुष ने अब तक 19 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 47.66 की औसत से 1430 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। इसके अलावा उन्होंने 5 विकेट भी चटकाए हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में आयुष का हाईएस्ट स्कोर 211 है। इसी साल जनवरी में उन्होंने दिल्ली के खिलाफ रणजी मैच में 183 रन की मैराथन पारी खेली थी। आयुष ने 6 लिस्ट-ए और 9 टी20 मैच भी खेले हैं। लिस्ट-ए में उनके नाम 268 रन, जबकि टी20 में 100 रन दर्ज है।
इंडिया-ए की प्लेइंग-XI: साई सुदर्शन, आयुष पांडेय, देवदत्त पडिक्कल, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), शेख रशीद, हर्ष दुबे, सारांश जैन, अंशुल कम्बोज, यश ठाकुर, आकिब नबी