भारत और श्रीलंका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल में खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 165 रन से बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। 372 रन के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम पांचवें दिन (19 अगस्त) 206 रन पर सिमट गई। मानव सुथार ने दूसरी पारी में 6 विकेट झटके। उन्होंने पहली पारी में 4 विकेट चटकाए थे। इस तरह उन्होंने मैच में अपना 10 विकेट हॉल पूरा किया।
श्रीलंकाई टीम पांचवें दिन अपनी दूसरी पारी 84/4 के स्कोर से आगे बढ़ाने उतरी थी। उसका टारगेट मैच जीतना नहीं, ड्रॉ कराना था। मेजबान टीम ने पहले सेशन में जुझारूपन भी दिखाया। उसने लंच तक सिर्फ 2 विकेट गंवाए। कप्तान धनंजय डी सिल्वा (59) ने अर्धशतक पारी खेली। उन्हें
रवींद्र जडेजा
ने आउट कर भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई। प्रसिद्ध कृष्णा ने निरोशन डिकवेला को विकेट के पीछे लपकवाया। हालांकि सोनल दिनुशा क्रीज पर जमे हुए थे। पहली पारी में शतक लगाने वाला यह बल्लेबाज फिर से तिहरे अंक की ओर बढ़ रहा था लेकिन लंच के बाद वह 84 के निजी स्कोर पर सुथार का शिकार बन गए।
दिनुशा सातवें विकेट के रूप में आउट हुए। उनके पवेलियन लौटते ही मैच ड्रॉ कराने की श्रीलंका की उम्मीदें ध्वस्त हो गई। सुथार ने इसके बाद श्रीलंका के बाकी बचे 3 विकेट महज 9 गेंद में ही झटक बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत को यादगार जीत दिला दी। प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट चटकाए। मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा के खाते में 1-1 विकेट रहे।
यह भी पढ़ें: जडेजा का रिप्लेसमेंट माने जा रहे मानव सुथार, कुलदीप के लिए खतरा कैसे बन गए हैं?
पहले पडिक्कल फिर पंत का कमाल
भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 462 रन बनाए थे। बारिश के कारण भारतीय टीम की पहली पारी पूरे दो दिन तक चली थी। तीसरे दिन के पहले ओवर में टीम इंडिया की पारी सिमटी। देवदत्त पडिक्कल ने सबसे ज्यादा 167 रन बनाए। केएल राहुल ने 82 रन की पारी खेली। ध्रुव जुरेल ने 51, जबकि
ऋषभ पंत
ने 39 और यशस्वी जायवसाल ने 32 रन का योगदान दिया।
श्रीलंकाई टीम अपनी पहली पारी में 284 रन ही बना सकी। दिनुशा ने 100 रन जड़े। वहीं निरोशन डिकवेला ने 80 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों ने 90 रन पर ही श्रीलंका के 5 विकेट चटका दिए थे। इसके बाद दिनुशा और डिकवेला ने 146 रन की साझेदारी कर उसे संकट से निकाला। हालांकि यह जोड़ी टूटते ही श्रीलंकाई टीम की पारी बिखर गई और वह 284 पर ही सिमट गई। भारत ने पहली पारी के आधार पर 178 रन की बढ़त हासिल की। सुथार ने 4, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए। कुलीदप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: हॉकी वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को कितनी बार हराया है? आंकड़े
बड़ी बढ़त बनाने के बाद भारत ने दूसरी पारी में 120 रन पर 5 विकेट खो दिए थे। पडिक्कल ने 44 और राहुल ने 35 रन बनाए। ऋषभ पंत ने 69 गेंद में 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेल स्कोर को 193 रन तक पहुंचाया, जिससे भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का टारगेट रखा, जो उसके लिए असंभव सा साबित हुआ। सीरीज का दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेला जाएगा।