इस महीने के आखिरी हफ्ते में भारत की दो अलग-अलग क्रिकेट टीमें मैदान पर दिखेंगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टी20 टीम एशियन गेम्स में नजर आएगी, जबकि
शुभमन गिल
की अगुवाई में वनडे टीम वेस्टइंडीज का सामना करेगी। एशियन गेम्स में टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज 28 सितंबर को करेगी। वहीं इससे पहले भारत-वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत होगी।
वेस्टइंडीज सीरीज के लिए बुधवार (16 सितंबर) को टीम इंडिया का ऐलान हो सकता है। दिल्ली में अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सेलेक्शन कमिटी की मीटिंग होनी है। इस मीटिंग में
ऋषभ पंत
के नाम पर चर्चा होने की संभावना है। ईशान किशन एशियन गेम्स में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में वनडे टीम में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर पंत चुने जा सकते हैं।
रवींद्र जडेजा
और मोहम्मद सिराज की भी वापसी हो सकती है। अब देखना है कि सेलेक्टर्स अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आखिरी मौका देते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: न JioHotstar न Sony LIV... मोबाइल पर यहां दिखेगा भारत-अफगानिस्तान दूसरा टी20
शमी ने डेढ़ साल पहले खेला आखिरी इंटरनेशनल मैच
36 साल के हो चुके मोहम्मद शमी हाल ही में दलीप ट्रॉफी में खेलते नजर आए थे। उन्होंने ईस्ट जोन के लिए 5 पारियों में 7 विकेट झटके थे। वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार पसीना बहा रहे हैं लेकिन सेलेक्टर्स उनकी तरफ नहीं देख रहे हैं। शमी टीम इंडिया के लिए आखिरी बार चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेलते दिखे थे। वह वनडे वर्ल्ड कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज में एक्सपोज हुई टीम इंडिया, क्या है श्रेयस की परेशानी?
शमी ने वर्ल्ड कप में महज 18 मैचों में 55 विकेट झटके हैं। ओवरऑल लिस्ट में वह वसीम अकरम के साथ संयुक्त रूप से पांचवें पायदान पर हैं। सेलेक्टर्स की लगातार अनदेखी के बावजूद शमी ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके चुने जाने की संभावना कम है। अब युवा तेज गेंदबाजों को आजमाया जा रहा है।
जसप्रीत बुमराह
की गैरमौजूदगी में गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को संभालते दिख सकते हैं। ये तीनों तेज गेंदबाज पिछली वनडे सीरीज का हिस्सा थे।