इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास की दो सबसे सफल टीमों की भिड़ंत में चेन्नई सुपर किंग्स ने बाजी मारी है। चेपॉक में रविवार (22 मार्च) को खेले गए आईपीएल 2025 के तीसरे मुकाबले में सीएसके ने चिर-प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से धूल चटा दी। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस को 155 रन पर रोका और फिर 5 गेंद शेष रहते टारगेट चेज कर लिया। रचिन रवींद्र ने छक्के के साथ मैच फिनिश किया। वह 45 गेंद में 65 रन बनाकर नाबाद लौटे। इससे पहले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 26 गेंद में 53 रन की आकर्षक पारी खेली। मुंबई इंडियंस को लगातार 13वें सीजन अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।
नूर और खलील ने बांधा मुंबई का पुलिंदा
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी मुंबई इंडियंस को पहले ही ओवर में खलील अहमद ने बड़ा झटका दिया। खलील ने रोहित शर्मा को शिवम दुबे के हाथों लपकवाया। रोहित 4 गेंद खेलकर खाता भी नहीं खोल पाए। खलील ने इसके बाद अपने अगले ओवर में मुंबई इंडियंस के दूसरे ओपनर रायन रिकलटन (13) को क्लीन बोल्ड कर दिया। मुंबई इंडियंस इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि पांचवें ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने विल जैक्स (11) को पवेलियन की राह दिखा दी।
यह भी पढ़ें: जोफ्रा आर्चर पर 'नस्लीय' टिप्पणी कर बुरे फंसे हरभजन सिंह!
पावरप्ले के अंदर 3 विकेट गंवाने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी की। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद ने सूर्या (29) को आउट कर मुंबई इंडियंस को चौथा झटका दिया। महेंद्र सिंह धोनी ने बिजली की रफ्तार से सूर्या की गिल्लियां बिखेरी। नूर ने अपने अगले ओवर में रॉबिन मिंज (3) और तिलक वर्मा (31) का विकेट लेकर मुंबई इंडियंस के मिडिल ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। 9वें नंबर पर उतरे दीपक चाहर ने 15 गेंद में नाबाद 38 रन बनाकर मुंबई इंडियंस को सम्मानजनक स्कोर पहुंचाया। हालांकि यह भी नाकाफी साबित हुआ। नूर अहमद ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके। खलील को 3, जबकि अश्विन और नाथन एलिस को 1-1 सफलता हाथ लगी।
रन चेज में फंस गई थी सीएसके
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की भी शुरुआत अच्छी नहीं रही। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे राहुल त्रिपाठी (2) दूसरे ही ओवर में दीपक चाहर का शिकार बने। ओपनिंग की जगह नंबर 3 पर उतरे कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले की समाप्तिक तक सीएसके का स्कोर 62 रन पहुंचाया। सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने सिंगल लेकर 22 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक रहा। दूसरे छोर से रचिन रवींद्र भी उनका बखूबी साथ दे रहे थे। सीएसके आसान जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन आईपीएल डेब्यू कर रहे विग्नेश पुथुर ने जल्दी-जल्दी 3 विकेट लेकर उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 के बाद भी रिटायर नहीं होंगे धोनी? 'थाला' ने खत्म किया सस्पेंस
मुंबई इंडियंस के इम्पैक्ट प्लेयर विग्नेश ने ऋतुराज, शिवम दुबे (9) और दीपक हुड्डा (3) को आउट कर सीएसके का स्कोर 107/4 कर दिया। इसके बाद विल जैक्स ने सैम करन (4) को पवेलियन भेजा। 116 के स्कोर पर आधी टीम सिमटने के बाद रचिन रवींद्र ने रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर सीएसके को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। हालांकि जब वे जीत से महज 4 रन दूर थे तब जडेजा रन आउट हो गए। इस तरह महेंद्र सिंह धोनी को बल्लेबाजी का अवसर मिला लेकिन उन्होंने 19वें ओवर की आखिरी दो गेंदों को डिफेंड कर रचिन को फिनिश करने का मौका दिया। रचिन ने अंतिम ओवर की पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाकर मैच खत्म किया और सीएसके को 2 बहुमूल्य पॉइंट्स दिलाए।