IPL 2025: सुपर ओवर में जीती DC, मिचेल स्टार्क ने RR से छीना मैच
दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में राजस्थान रॉयल्स को हराकर जीत का पंजा लगा दिया है। मिचेल स्टार्क ने आखिरी ओवर में 9 रन डिफेंड कर पलटी बाजी।

मिचेल स्टार्क। (Photo Credit: IPL/X)
मिचेल स्टार्क ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को आईपीएल 2025 में पांचवीं जीत दिला दी है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क ने बुधवार (16 अप्रैल) को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ पहले आखिरी ओवर में 9 रन डिफेंड किया और फिर सुपर ओवर में 11 रन खर्च कर DC की जीत सुनिश्चित कर दी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए DC ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 188 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में RR ने 4 विकेट खोकर 188 रन बना दिए। ऐसे में मुकाबला सुपर ओवर में गया, जहां DC ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
स्टार्क ने यूं पटली बाजी
टारगेट का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 17 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 158 रन बना लिए थे। उन्हें 18 गेंद में 31 रन की जरूरत थी। नीतीश राणा 26 गेंद में अर्धशतक जड़कर क्रीज पर मौजूद थे। ध्रुव जुरेल 10 गेंद में 13 रन बनाकर खेल रहे थे। मुकाबले पर RR की पकड़ मजबूत थी। 18वां ओवर लेकर आए स्टार्क ने पहली तीन गेंदों पर 3 सिंगल दिए। इसके बाद उन्होंने सेट बल्लेबाज नीतीश राणा को पंजातोड़ यॉर्कर पर LBW आउट कर मैच खोल दिया। जुरेल और शिमरॉन हेटमायर ने 19वें ओवर में मोहित शर्मा के खिलाफ 14 रन बटोरकर एक फिर पलड़ा RR की ओर झुका दिया। अब उन्हें आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे।
स्टार्क ने इस ओवर में लगातार यॉर्कर डालकर बाजी पलट दी। जुरेल पांचवीं गेंद पर हेटमायर को डबल रन के लिए मना करने के बाद आखिरी गेंद पर 2 रन नहीं बना पाए, जिससे मुकाबला टाई हो गया। सुपर ओवर में स्टार्क ने पहली तीन गेंद पर 10 रन दे दिए थे, जिसमें एक नो-बॉल भी शामिल था। इसके बाद रियान पराग फ्री हिट पर रन आउट हो गए। अगली गेंद पर हेटमायर ने दो रन लेना चाहा, जिस पर यशस्वी जायसवाल का विकेट भी गिर गया। ऐसे में सुपर ओवर में 1 गेंद शेष रहते RR की टीम 11 रन ही बना पाई।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 में नंबर 3 पर आने वाले बल्लेबाजों ने काटा गदर, पढ़िए आंकड़े
9️⃣ runs to defend in 6️⃣ deliveries ‼
— IndianPremierLeague (@IPL) April 16, 2025
And this is what Mitchell Starc produced to take #DC to a super over 🫡
On a scale of 1-10, rate his class act ✍
Scorecard ▶ https://t.co/clW1BIQ7PT#TATAIPL | #DCvRR pic.twitter.com/ZwlCnBxzbp
संदीप शर्मा नहीं कर पाए चमत्कार
सुपर ओवर में राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर के बजाय संदीप शर्मा को गेंद थमाई गई। उन्हें केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स के सामने 11 रन डिफेंड करने थे। संदीप की पहली गेंद पर राहुल ने दो रन लेने के बाद चौका जड़ दिया। इसके बाद यॉर्कर गेंद को राहुल ने पॉइंट की ओर खेलकर सिंगल निकाला। अब स्ट्राइक पर स्टब्स थे। DC को जीत के लिए 3 गेंद में 5 रन की जरूरत थी। स्टब्स ने ज्यादा समय न लगाते हुए अगली ही गेंद पर छक्का जड़कर मैच फिनिश कर दिया।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 में मयंक यादव की एंट्री, LSG के लिए इस दिन खेलेंगे पहला मैच!
📁 TATA IPL
— IndianPremierLeague (@IPL) April 16, 2025
↳ 📂 Super Over
Another day, another #TATAIPL thriller! 🤩
Tristan Stubbs wins the Super Over for #DC in style! 🔥
Scorecard ▶ https://t.co/clW1BIPA0l#DCvRR pic.twitter.com/AXT61QLtyg
सैमसन की चोट ने RR की बढ़ाई मुसीबत
लगातार दो मैच हारकर आ रही राजस्थान रॉयल्स को जीत की पटरी पर वापस लौटने के लिए कप्तान संजू सैमसन का चलना जरूरी थी। सैमसन ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर RR को धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों पावरप्ले के अंदर स्कोर को 50 के पार पहुंचाया। इसके बाद सैमसन कमर में दर्द के चलते रिटायर हर्ट होकर बाहर चले गए। उन्होंने 19 गेंद में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए। यशस्वी ने 37 गेंद में 51 रन की पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। वह कुलदीप यादव की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट फेंककर चलते बने।
नीतीश राणा ने आतिशी अर्धशतक जड़कर RR को मुकाबले में आगे कर दिया था लेकिन अंत में स्टार्क ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
कैसी रही दिल्ली की बैटिंग?
पहले बैटिंग करने का न्योता मिलने पर DC ने पहले दो ओवर में 33 रन जड़ दिए। इसके बाद उन्हें लगातार दो झटके लगे। खराब फॉर्म में चल रहे जेक फ्रेजर-मैकगर्क (9) को जोफ्रा आर्चर ने पवेलियन भेजा। वहीं करुण नायर तीन गेंद खेलकर बिना खाता खोले रन आउट होकर पवेलियन लौटे। केएल राहुल (38) और अभिषेक पोरेल (49) ने तीसरे विकेट के लिए 63 रन की पार्टनरशिप की। मगर ये रन 59 गेंद में आए। 15 ओवर के बाद DC का स्कोर 111/4 था।
ऐसा लग रहा था कि वे 170 के करीब नहीं पहुंच पाएंगे लेकिन कप्तान अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी ओवरों में धमाकेदार बल्लेबाजी कर उन्हें लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। अक्षर ने छठे नंबर पर आकर 14 गेंद में 34 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। ट्रिस्टन स्टब्स 18 गेंद में 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 2 चौके और 2 छक्के लगाए। राजस्थान रॉयल्स के लिए तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट झटके।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap