केएल राहुल ने IPL 2025 से पहले बड़ा फैसला लिया है। राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करने से इनकार कर दिया है। आईपीएल के 18वें सीजन के लिए सभी 10 टीमों में से 9 टीमों ने अपने-अपने कप्तान का ऐलान कर दिया है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स इकलौती ऐसी टीम है जिसके कप्तान का नाम सामने नहीं आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्रेंजाइजी ने राहुल को कप्तानी का ऑफर दिया था मगर उन्होंने हामी नहीं भरी। अब इस बात की पूरी संभावना है कि अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स की कमान मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: हैरी ब्रूक को कौन करेगा रिप्लेस? इस खिलाड़ी पर दांव लगाएगी दिल्ली!
कप्तानी के लिए क्यों नहीं माने राहुल?
खबरों के मुताबिक राहुल ने कप्तानी की जिम्मेदारी इसलिए नहीं ली क्योंकि वह बतौर खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा टीम के लिए अपना योगदान देना चाहते हैं। केएल राहुल आईपीएल 2025 के शुरुआती कुछ मैच मिस कर सकते हैं। उनके घर नन्हा मेहमान आने वाला है। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि राहुल ने इसी वजह से कप्तानी का ऑफर ठुकरा दिया।
केएल राहुल को दिल्ली कैपिटल्स ने नवंबर में हुए मेगा ऑक्शन में 14 करोड़ रुपए में खरीदा था। दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के बाद ही राहुल को कप्तान बनाए जाने की संभावना जताई जा रही थी। राहुल के पास आईपीएल में कप्तानी का अच्छा खासा अनुभव है। राहुल ने दो सीजन (2020 और 2021) पंजाब किंग्स की कमान संभाली। इसके बाद वह 2022 से पिछले सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान थे।
यह भी पढ़ें: 2 साल के बैन का खतरा, फिर भी हैरी ब्रूक ने क्यों छोड़ा IPL?
अक्षर पटेल बनेंगे कप्तान?
केएल राहुल के मना करने के बाद कप्तानी की रेस में अक्षर पटेल का नाम आगे हो गया है। अक्षर ने पिछले सीजन एक मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी। उन पर भरोसा जताते हुए फ्रेंचाइजी ने रिटेन किया था। अक्षर को हाल ही में भारतीय टी20 टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। टीम इंडिया में उनके लीडरशिप प्रमोशन को देखते हुए दिल्ली कैपिटल्स अपना कप्तान बना सकती है।