logo

ट्रेंडिंग:

राहुल को डांट, पंत पर उमड़ा प्यार, हैदराबाद में बदले गोयनका के जज्बात

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत के बाद टीम के ओनर संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को गले लगा लिया। पिछले सीजन हैदराबाद में गोयनका ने केएल राहुल को फटकार लगाई थी।

Rishabh Pant Sanjiv Goenka

ऋषभ पंत और संजीव गोयनका। (Photo Credit: Sanjiv Goenka/X)

आईपीएल 2025 में 27 मार्च को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए SRH ने LSG के सामने 191 रन का टारगेट रखा था, जिसे ऋषभ पंत की कप्तानी वाली टीम ने 23 गेंद शेष रहते आसानी से चेज कर लिया। LSG की जीत के बाद टीम के ओनर संजीव गोयनका काफी खुश नजर आए। उन्होंने कप्तान पंत को गले लगा लिया।

 

हैदराबाद में बदले गोयनका के जज्बात

 

पिछले सीजन जब इसी मैदान पर LSG और SRH का मुकाबला हुआ था, तब ऑरेंज आर्मी ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। LSG के तत्कालीन कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 165 रन ही बना सकी। राहुल ने ओपनिंग करते हुए 33 गेंद में 29 रन की धीमी पारी खेली। जवाब में SRH की सलामी जोड़ी ने LSG के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 9.4 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया। अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में 75 रन की आतिशी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं ट्रेविस हेड ने 30 गेंद में 8 चौके 8 छक्के उड़ाते हुए 89 रन ठोके। 

 

पहले बल्लेबाजी और फिर कप्तानी में फ्लॉप रहने के बाद राहुल को संजीव गोयनका ने सरेआम डांट लगाई थी। LSG की हार के बाद गोयनका काफी भड़के हुए नजर आ रहे थे। उन्होंने राहुल के साथ काफी देर तक बहस की। गोयनका गुस्से में बात कर रहे थे, वहीं राहुल चुपचाप सुन रहे थे। इसका वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। सोशल मीडिया यूजर्स ने गोयनका की जमकर क्लास लगाई थी। छीछालेदर होने के बाद LSG के ओनर ने अपनी इमेज सुधारने के लिए कई प्रयास किए लेकिन लोगों ने उन्हें नहीं बख्शा। राहुल भी फ्रेंचाइजी छोड़कर चले गए। इस सीजन वह दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलेंगे।

 

यह भी पढ़ें: चेपॉक में 17 साल का सूखा खत्म करेगी RCB या CSK का जारी रहेगी दबदबा?

 

 

आईपीएल 2025 में संजीव गोयनका बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। हैदराबाद में पंत को गले लगाने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हाथ से मुकाबला निकलने के बाद उन्होंने पंत से बात की थी। इस दौरान वह गंभीर जरूर दिख रहे थे लेकिन माहौल टेंशन वाला नहीं था। 

 

 

शार्दुल, मार्श और पूरन चमके

 

SRH के खिलाफ LSG की जीत में शार्दुल ठाकुर, मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने अहम भूमिका निभाई। शार्दुल ने 4 विकेट लेकर SRH को विशाल टोटल खड़ा करने से रोका। इसके बाद बाकी काम मार्श और पूरन ने किया। मार्श ने 31 गेंद में 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 52 रन की पारी खेली, जबकि पूरन ने 26 गेंद में 70 रन जड़ दिए, जिसमें 6 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। पंत 15 गेंद में 15 रन ही बना सके। पिछले मैच में वह 6 गेंद खेलकर खाता भी नहीं खोल सके थे।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap