इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन यानी IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से शुरू होने जा रही है। इससे पहले तेज गेंदबाजों की चोट कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। हर्षित राणा पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। हर्षित को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबले में घुटने में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें फिट होने में 7-8 हफ्ते लग सकते हैं। इसका मतलब है कि वह इस सीजन के आखिरी स्टेज तक खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) रिस्क नहीं लेना चाहेगा। ऐसे में हर्षित का पूरे IPL 2026 से बाहर होना लगभग तय है। KKR को हर्षित के अलावा मथीशा पथिराना की चोट से भी बड़ा झटका लगा है। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज पथिराना टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोटिल हो गए थे। उन्हें हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी। वह कितने मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, यह साफ नहीं है।
प्रमुख तेज गेंदबाजों की चोट से परेशान KKR के लिए फिन एलन, कैमरन ग्रीन और रचिन रवींद्र जैसे फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी कुछ पॉजिटिव्स भी हैं, जो पहली बार इस फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं। वहीं लंबे समय से KKR में बने हुए अनुकूल रॉय की फॉर्म भी टीम के लिए बड़ा बूस्ट है। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 40 लाख रुपये में फिर से अपने साथ बनाए रखा है।
यह भी पढ़ें: भारतीय खिलाड़ियों को कप्तान बनाने से बचती रही है SRH, आंकड़े गवाह
गदर काट रहे हैं अनुकूल रॉय
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले अनुकूल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 में झारखंड की ओर से खेलते हुए गेंद और बल्ले से तहलका मचा दिया था। उन्होंने 11 मैचों में 160.31 के स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाने के साथ 18 विकेट भी झटके थे। उनकी इकॉनमी 8 के नीचे रही थी। देखा जाए तो झारखंड की खिताबी जीत में उनका योगदान कप्तान ईशान किशन से कम नहीं था।
इसके बाद अनुकूल ने विजय हजारे ट्रॉफी में भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। उन्होंने पुडुचेरी और केरल के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेली। अनुकूल ने इस साल जनवरी में रणजी ट्रॉफी में ओडिशा के खिलाफ मैच में 7 विकेट लेने के अलावा 62 रन भी ठोके थे।
यह भी पढ़ें: तेज गेंदबाज चोटिल, रहाणे को कप्तान बनाने पर सवाल, KKR का क्या होगा हाल?
KKR देगी पूरा मौका?
26 साल के अनुकूल 2022 सीजन से ही KKR से जुड़े हुए हैं लेकिन उन्हें अब तक सिर्फ 11 मैच खेलने का ही मौका मिला है। उन्होंने 2022 में दो, 2023 और 2024 में चार-चार, जबकि पिछले सीजन सिर्फ एक मैच खेला था। लगातार मौके नहीं मिलने के चलते वह KKR के लिए अब तक सिर्फ 26 रन बना पाए हैं। वहीं गेंदबाजी में उनके नाम महज ही 5 विकेट हैं।अनुकूल की फॉर्म को देखते हुए अगर उन्हें अब भी मौका नहीं दिया जाता है तो KKR की यह बड़ी भूल होगी। उन पर भरोसा जताकर KKR अपनी डूबती नैया को बचा सकती है।
KKR का फुल स्क्वॉड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, टिम साइफर्ट, तेजस्वी दाहिया, मनीष पांडे, रोवमन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, सार्थक रंजन, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, राहुल त्रिपाठी, दक्ष कामरा, कैमरन ग्रीन, सुनील नारायण, रचिन रवींद्र, अनुकूल रॉय, आकाश दीप, वैभव अरोड़ा, हर्षित राणा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजारबानी, मथीशा पथिराना, प्रशांत सोलंकी, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती