इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन यानी IPL 2026 शनिवार (28 मार्च) से शुरू हो रहा है। उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टक्कर होने वाली है। इस बार के IPL में अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर सबकी निगाहें हैं। घरेलू क्रिकेट और लोकल टी20 लीग में धांसू प्रदर्शन कर चर्चा में आए खिलाड़ियों के लिए IPL बड़ा मंच है। यहां अच्छा प्रदर्शन कर वे टीम इंडिया में जगह बनाने के भी करीब पहुंच सकते हैं। IPL ने हर सीजन युवा खिलाड़ियो को स्टार बनाया है। इस सीजन भी यह सिलसिला बरकरार रहेगा। आज बात उन 5 अनकैप्ड तेज गेंदबाजों की, जिनके आगामी सीजन में कहर बरपाने की संभावना है।
आकिब नबी डार
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी डार आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलने वाले हैं। उन्हें DC ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा है। आकिब घरेलू क्रिकेट में तूफानी गेंदबाजी कर रहे हैं। वह पिछले दो रणजी सीजन में 100 से ज्यादा विकेट चटका चुके हैं। उन्होंने इस रणजी सीजन में 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन बनाया था। आकिब व्हाइट बॉल क्रिकेट में भी कमाल कर रहे हैं। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 में 7 मैचों में 15 विकेट झटक लिए थे। गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर आकिब पर इस IPL सीजन सबकी नजरें रहने वाली हैं।
अशोक शर्मा
राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अशोक शर्मा गुजरात टाइटंस (GT) की टीम में हैं। GT ने इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज को 90 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है। अशोक SMAT 2025 में 10 मैचों में ही 22 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। अशोक नई और पुरानी दोनों गेंद से प्रभाव डाल सकते हैं। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के रहते उन्हें शुरुआती मैचों में GT की प्लेइंग-XII में जगह मिलना मुश्किल है लेकिन सीजन आगे बढ़ने पर उनके लिए मौका बन सकता है।
यह भी पढ़ें: काव्या मारन को 30 लाख में मिला राशिद खान जैसा स्पिनर, IPL 2026 में दिखेगा जलवा
मंगेश यादव
मध्य प्रदेश के मंगेश यादव को RCB ने खरीदा है। RCB ने पिछले साल दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में उनके लिए 5 करोड़ 20 लाख रुपये की बोली लगाई थी। 23 साल के मंगेश मध्य प्रदेश टी20 लीग में इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड जीत चुके हैं। उन्होंने पिछले साल इस लीग में 6 मैचों में 14 विकेट झटके थे। मंगेश डेथ ओवर्स में बेहद कारगर हैं। उन्हें विवादों में फेंस यश दयाल की जगह खिलाया जा सकता है।
साकिब हुसैन
बिहार के साकिब हुसैन को SRH ने 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। 6 फर्स्ट क्लास मैच में 16 विकेट और 12 टी20 मैचों में 10 विकेट झटक चुके साकिब का हाल ही में एक वीडियो वारयल हुआ था, जिसमें वह दिनेश कार्तिक को अपनी पटकी हुई गेंदों से परेशान करते दिख रहे हैं। 21 साल का यह तेज गेंदबाज मौका मिलने पर आगामी IPL सीजन में भी ऐसे ही कमाल कर सकता है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ही नहीं, IPL 2026 में बिहार के ये दो खिलाड़ी भी बिखेरेंगे जलवा
गुरजपनीत सिंह
तमिलनाडु के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह को पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 2.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि गुरजपनीत सीजन के बीच चोटिल होकर बाहर हो गए। उन्हें CSK ने IPL 2026 सीजन के लिए रिटेन किया है। गुरजपनीत ने अब तक 15 मैचों में 21 विकेट झटके हैं। वह खलील अहमद के साथ नई गेंद संभाल सकते हैं।