इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की शुरुआत बेहद खराब रही थी। CSK को पहले 3 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद CSK ने जबरदस्त वापसी की है और अगले 8 में से 6 मैच जीत लिए हैं। इनमें से 3 जीत पिछले 3 मैचों में आए हैं। CSK पॉइंट्स टेबल में फिलहाल पांचवें पायदान पर है। आज (15 मई) ऋतुराज गायकवाड़ ब्रिगेड लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज कर टॉप-4 में पहुंचना चाहेगी।
हारी तो मझधार में फंस जाएगी CSK
CSK जीत के रथ पर सवार पर है लेकिन जेमी ओवरटन की चोट ने उसकी मुसीबत बढ़ा दी है। ओवरटन IPL 2026 से बाहर हो चुके हैं। वह CSK के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने 10 मैचों में 8.89 की इकॉनमी से 14 विकेट झटकने के अलावा 6 पारियों में 158.13 के स्ट्राइक रेट से 136 रन भी बटोरे। उनकी गैरमौजूदगी CSK को काफी खलेगी। अगर प्लेइंग-XI में ऋतुराज सही बदलाव नहीं करते हैं, तो CSK की गाड़ी पटरी से उतर सकती है, जिससे वह मझधार में फंस जाएगी।
यह भी पढ़ें: ...तो प्लेऑफ से बाहर हो जाएगी PBKS? लगातार पांचवीं हार के बाद ये हैं समीकरण
CSK के लिए क्या हैं समीकरण?
पांच बार की चैंपियन CSK को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे तीनों मैच जीतने जरूरी हैं। इससे वह 18 पॉइंट्स तक पहुंच जाएगी, जो टॉप-4 में पहुंचने के लिए काफी होंगे। अगर CSK यहां से एक भी मैच हारती है तो उसकी राह मुश्किल हो जाएगी, क्योंकि इस स्थिति में वह 16 पॉइंट्स तक ही जा पाएगी। इतने पॉइंट्स शायद इस बार प्लेऑफ का टिकट नहीं दिला पाएंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), गुजरात टाइटंस (GT), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के पास इससे आगे निकलने का मौका है।
यह भी पढ़ें: IPL में अनकैप्ड जोड़ी ने बना दिए 1000 रन... प्रभसिमरन-प्रियांश ने रचा इतिहास
16 पॉइंट्स में ऐसे बनेगी बात
CSK अगर अपने आखिरी 3 में से 2 ही मैच जीत पाती है, तो उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों पर निर्भर रहना होगा। उसे दुआ करनी होगी कि RCB और GT अपने बचे हुए दोनों मैच हार जाएं। या फिर SRH और PBKS अब एक से ज्यादा मैच नहीं जीत पाएं। RR भी अपने आखिरी तीनों मैच नहीं जीतती है तो इससे भी CSK को फायदा होगा।