IPL 2026 का 63वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। यह मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बहुत अहम था। 18 मई को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार खेल दिखाते हुए चेन्नई को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ हैदराबाद ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
SRH ने यह मैच जीतकर सिर्फ प्लेऑफ में जगह ही पक्की नहीं की, बल्कि उनकी इस जीत से गुजरात टाइटंस भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर गई है। अब कुल तीन टीमें प्लेऑफ में अपनी जगह बना चुकी हैं। वहीं अब प्लेऑफ की बची हुई एक जगह के लिए 5 टीमें रेस में हैं। इसमें पंजाब, चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता जैसी टीमें शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रोल हो रहे बाबर आजम ने एक ही पारी में कर दिया हिसाब, कोहली को भी छोड़ा पीछे
CSK की पारी
चेन्नई की टीम ने लगातार विकेट गंवाए लेकिन रन बनाने की रफ्तार कम नहीं होने दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने पावरप्ले में 2 विकेट खोकर 57 रन ठोक दिए। इसके बाद 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने 2 विकेट गंवाए लेकिन 75 रन जोड़ डाले। हालांकि डेथ ओवरों में चेन्नई बड़ी फिनिश नहीं कर सकी और 16 से 20 ओवर के बिच में 3 विकेट खोकर सिर्फ 48 रन ही बना पाई। इसी वजह से चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 7 विकेट पर 180 रन तक ही पहुंच सकी।
चेन्नई की तरफ से डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 44 रन ठोके। वहीं कार्तिक शर्मा ने 32 रन की पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 27 रन बनाए। दूसरी तरफ हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। साकिब हुसैन को 2 विकेट मिले, जबकि ईशान मलिंगा और प्रफुल्ल हिंगे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें: KL राहुल ने तोड़ा डिविलियर्स का रिकॉर्ड, RR के खिलाफ ठोकी 9वीं IPL फिफ्टी
SRH की पारी
हैदराबाद ने अपनी पारी की शुरुआत काफी संभलकर की। पावरप्ले में टीम ने 1 विकेट खोकर 45 रन बनाए। इसके बाद मिडिल ओवरों में SRH ने अच्छी वापसी की और 7 से 15 ओवर के बीच 2 विकेट खोकर 92 रन जोड़ दिए। डेथ ओवरों में भी टीम ने तेज खेल दिखाया और 2 विकेट खोकर 44 रन बनाए, जिससे मैच पर पकड़ मजबूत हो गई। SRH ने 19 ओवर में 5 विकेट पर 181 रन बना लिए और फिर इस मैच को 6 गेंद बाकी रहते 5 विकेट से जीत लिया।
हैदराबाद के लिए ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 70 रन बनाए। इसके अलावा हेनरिक क्लासेन ने 47 रन जोड़े। वहीं अभिषेक शर्मा ने 26 रन की पारी खेली। चेन्नई की ओर से मुकेश चौधरी ने 2 विकेट लिए। जबकि अंशुल कंबोज, नूर अहमद और अकील हुसैन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।