इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को तगड़ा झटका लग सकता है। KKR के तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की सर्जरी से फिट नहीं हो पाए हैं। उनका IPL 2026 के शुरुआती मैचों से बाहर रहना तय है। एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हर्षित पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। हर्षित को साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के वार्म-अप मुकाबले में घुटने में चोट लग गई थी। इसके चलते वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गए थे।
हर्षित ने फरवरी में घुटने की सफल सर्जरी करवाई थी लेकिन उनका समय पर फिट होना मुश्किल है। अगर वह नहीं खेल पाते हैं तो यह KKR के लिए बड़ा झटका होगा। हर्षित ने IPL 2024 में 19 विकेट लेकर इस टीम को तीसरी बार चैंपियन बनाया था। उन्होंने पिछले सीजन भी 13 मैचों में 15 विकेट झटके थे।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे के पेसर ने IPL के लिए पाकिस्तान को दिखाया अंगूठा, KKR में हुआ शामिल
हर्षित का कौन हो सकता है रिप्लेसमेंट?
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हर्षित राणा को KKR ने 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। उनके रिप्लेसमेंट के रूप में KKR को इसी रकम के अंदर किसी प्लेयर को साइन करना होगा। फ्रेंचाइजी के पास अब विदेशी तेज गेंदबाज को साइन करने का भी विकल्प नहीं है, क्योंकि उसने मुस्तफिजुर रहमान की जगह जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को शामिल कर लिया है। KKR के लिए आकाश मधवाल एक बेहतर विकल्प हो सकते हैं। आकाश मधवाल IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे। BCCI के नियम के मुताबिक, जिस खिलाड़ी ने सीजन शुरू होने से पहले ऑक्शन में अपना नाम दिया था, उसे ही रिप्लेसमेंट के तौर पर साइन किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'भाईचारा' दिखा रहे थे सलमान अली आगा, बांग्लादेशी कप्तान ने बीच मैदान दिया धोखा!
आकाश मधवाल का IPL करियर
उत्तराखंड के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल IPL में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए अपने डेब्यू सीजन में 8 मैचों में 14 विकेट झटके थे। इसके बाद उन्होंने 2024 में 5 मैच खेले और 5 विकेट चटकाए। पिछले सीजन वह राजस्थान रॉयल्स की टीम में थे। उन्हें 4 मैच खेलने का मौका मिला था, जिसमें उन्होंने 4 विकेट अपनी झोली में डाले थे। 32 साल के इस दाए हाथ के तेज गेंदबाज ने कुल मिलाकर 17 IPL मैच खेले हैं और 23 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 10.05 की रही है।
KKR का स्क्वॉड: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, कैमरन ग्रीन, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, राहुल त्रिपाठी, टिम साइफर्ट, रोवमन पॉवेल, अनुकूल रॉय, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, आकाश दीप, हर्षित राणा, उमरान मलिक, ब्लेसिंग मुजारबानी