बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे वनडे में पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान अली आगा के साथ बड़ा धोखा हो गया। मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में आगा अच्छी बैटिंग कर रहे थे और वह 62 गेंद में 64 रन बना चुके थे। लग रहा था कि उनके बल्ले से बड़ी पारी आएगी लेकिन मेहदी हसन मिराज ने उन्हें धोखे से रन आउट कर दिया। स्ट्राइक एंड पर आगा ने मेहदी हसन की मदद करने की कोशिश की थी लेकिन बांग्लादेशी कप्तान ने 'खेल भावना' को ताक पर रखते हुए उन्हें रन आउट कर दिया। इस दौरान आगा और मेहदी हसन के बीच बहस भी हुई।
आगा शायद बताना चाह रहे थे कि वह क्रीज से बाहर जरूर थे लेकिन वह गेंद उठाकर मेहदी हसन को देना चाहते थे। हालांकि मेहदी हसन ने आगा के विरोध के बावजूद अपील वापस नहीं ली और पाक बल्लेबाज को पवेलियन लौटन पड़ा। आगा पवेलियन वापस जाते समय बेहद गुस्से में दिखे। उन्होंने बाउंड्री लाइन के पास पहुंचते ही हेलटमेट और ग्लव्स फेंक दिए। वह कुछ बड़बड़ाते हुए भी नजर आए।
यह भी पढ़ें: काव्या मारन ने द हंड्रेड ऑक्शन में पाकिस्तानी अबरार के अलावा और किसे-किसे खरीदा?
क्या है पूरा माजरा?
पूरी घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर की है। यह ओवर मेहदी हसन डाल रहे थे और स्ट्राइक पर मोहम्मद रिजवान थे। इस ओवर की चौथी गेंद को रिजवान ने बैकफुट से पंच किया, जो नॉन स्ट्राइक पर खड़े आगा की ओर गई। क्रीज से बाहर खड़े आगा ने गेंद की ओर देखा और उन्होंने वापस क्रीज में लौटने का प्रयास किया, तभी गेंद को फील्ड करने आए मेहदी हसन से उनकी हल्की टक्कर हो गई। गेंद आगा के पैरों के पास रुक गई थी। उन्होंने गेंद उठाकर मेहदी हसन को देना चाहा लेकिन मेहदी ने उनसे पहले ही गेंद उठा लिया और स्टंप पर दे मारा। आगा क्रीज के बाहर पाए गए और उन्हें रन आउट करार दे दिया गया। आगा को इस तरीके से रन आउट करने पर पाकिस्तानी फैंस मेहदी हसन को जमकर ट्रोल कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 20 साल के पाकिस्तानी बल्लेबाज ने उड़ाए 11 चौके-छक्के, कौन हैं माज सदाकत?
आगे के आउट होते ही पाकिस्तान की ढेर हुई पारी
बुधवार (11 मार्च) को खेले गए पहले मुकाबले में पाकिस्तान महज 114 रन पर ही सिमट गया था। उसे 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। पाक टीम को दूसरे वनडे में माज सदाकत और साहिबजादा फरहान ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 12.3 ओवर में 103 रन की साझेदारी की। हालांकि माज सदाकत (46 गेंद में 75 रन) के आउट होते ही पाकिस्तानी पारी धीमी हो गई। टीम ने अगले 7 ओवर में सिर्फ 19 रन बनाए और 2 और विकेट खो दिए।
इसके बाद आगा ने रिजवान के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। पाक टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी लेकिन आगा के रन आउट होते ही उसकी पारी बिखर गई। आगा 231 के स्कोर पर चौथे विकेट के रूप में आउट हुए। उनके जाने के बाद पाक ने 43 रन बनाने में 6 विकेट गंवा दिए। पाकिस्तानी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 274 रन पर ऑलआउट हो गई।