पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच आज (13 मार्च) 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जा रहा है। सीरीज के पहले मैच में 114 रन पर ऑलआउट होकर शर्मसार हुई पाकिस्तानी टीम ने इस मुकाबले में बेहतरीन शुरुआत की है। 20 साल के माज सदाकत ने 46 गेंद में 75 रन जड़कर पाक टीम की पारी का धुआंधार आगाज किया। बाएं हाथ के इस ओपनर ने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के जड़े। उन्होंने साहिबजादा फरहान के साथ मिलकर 12.3 ओवर में 103 रन की साझेदारी की।
पाकिस्तान को मिला नया स्टार
माज सदाकत ने पिछले मैच में ही अपने वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था। अपने पहले इंटरनेशनल मुकाबले में उन्होंने 28 गेंद में 18 रन बनाए। पाकिस्तान की करारी हार के बाद पूर्व क्रिकेटर बासित अली ने माज सदाकत समेत युवा खिलाड़ियों की आलोचना की थी। उस मुकाबले में माज सदाकत के अलावा 3 और खिलाड़ियों ने डेब्यू किया था। बासित अली ने कहा था कि एक साथ इतने खिलाड़ियों को डेब्यू कराने का फैसला गलत है। बासित अली ने कहा था, 'यह बहस कि युवाओं को समय चाहिए इसे खत्म करें। वर्ल्ड क्रिकेट में जब कोई युवा आता है तो वह तैयार होकर आता है और प्रभाव डालता है। हमारे खिलाड़ियों को यह समझना होगा कि यह स्थानीय क्लब का मैदान नहीं बल्कि एक इंटरनेशनल वेन्यू है।'
माज सदाकद ने अपने दूसरे ही मैच में बासित अली को बल्ले से जवाब देते हुए 31 गेंद में फिफ्टी ठोकी दी। बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज की गेंद पर आउट होने से पहले माज सदाकत ने पाकिस्तान के लिए एक अच्छा प्लेटफॉर्म सेट किया। अब देखना होगा कि पाक टीम किस स्कोर तक पहुंच पाती है।
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तानी ही मिला था...,' अबरार अहमद को टीम में लेकर फंस गईं काव्या मारन
कौन हैं माज सदाकत
15 मई 2005 के रोज पेशावर में जन्मे माज सदाकत बाएं हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। वह एज ग्रुप क्रिकेट से निकले हैं। माज सदाकत पाकिस्तान अंडर-19 और पाकिस्तान-A के लिए भी खेल चुके हैं। वह पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के 2025 सीजन में पेशावर जल्मी के लिए खेले थे, जिसमें उन्होंने 4 मैचों में 165.95 के स्ट्राइक रेट से 78 रन बनाए थे। उनके पास बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में भी खेलने का अनुभव है। माज सदाकत ने BPL 2025-26 में नोआखाली एक्सप्रेस के लिए खेलते हुए 5 मैचों में 118.98 के स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए।
माज सदाकत के फर्स्ट क्लास और लिस्ट-ए करियर की बात करें उन्होंने क्रमश: 25 और 29 मैच खेले हैं। फर्स्ट क्लास करियर में उनके नाम 1451 रन दर्ज है, जिसमें 2 शतक शामिल है। वहीं लिस्ट-ए में उन्होंने 3 शतकों की मदद से 990 रन बनाए हैं। टी20 में उन्होंने 33 मैच खेले हैं और कुल 947 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 142.19 का रहा है। फर्स्ट क्लास, लिस्ट-ए और टी20 में उनके 17-17 विकेट दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: कितनी बार IPL सीजन का पहला मैच खेली है RCB, कैसा रहा है ट्रैक रिकॉर्ड?
पाकिस्तान की प्लेइंग-XI: साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, शमील हुसैन, मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा, हुसैन तलत, अब्दुल समद, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), मोहम्मद वसीम जूनियर, हारिस रऊफ
बांग्लादेश की प्लेइंग-XI: सैफ हसन, तंजीद हसन, नजमुल हुसैन शांटो, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज (कप्तान), तौहीद हृदोय, अफीफ हुसैन, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, मुस्तफिजुर रहमान