इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को साइन किया है। KKR ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के रूप में मुजारबानी अपनी टीम में शामिल किया है। BCCI के निर्देश के बाद KKR ने मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद से उसकी टीम में एक विदेशी पेसर के लिए जगह खाली हो गई थी।
तीन बार की IPL चैंपियन KKR ने इस जगह को भरने के लिए मुजारबानी को अपनी टीम में जोड़ा। मुजारबानी ने IPL खेलने के लिए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का कॉन्ट्रैक्ट ठुकराया है। उन्हें PSL फ्रेंचाइजी इस्लामाबाद यूनाइटेड ने साइन किया था लेकिन जैसे ही उन्हें IPL का ऑफर मिला उन्होंने इस्लामाबाद यूनाइटेड से करार तोड़ दिया। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) उन पर ऐक्शन लेने की तैयारी में है।
यह भी पढ़ें: BCCI के नमन अवॉर्ड 2026 में सम्मानित होगी वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया
यह भी पढ़ें: फुटबॉल वर्ल्ड कप में नहीं खेलने पर ईरान पर लगेगा जुर्माना, FIFA का क्या है नियम?
मुजारबानी को बैन करेगा PCB?
PCB के एक सूत्र ने शनिवार (14 मार्च) को न्यूज एजेंसी से PTI बताया कि बोर्ड ने अपने कानूनी विभाग को जिम्बाब्वे के इस खिलाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। सूत्र ने कहा, 'पिछले साल से IPL और PSL एक ही समय पर हो रहे हैं इसलिए अब दोनों के समय आपस में टकरा रहे हैं। हम खिलाड़ियों को एक साफ संदेश देना चाहते हैं कि एक बार जब वे PSL में खेलने के लिए हामी भर देते हैं तो वे यूं ही अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़कर IPL की किसी भी फ्रेंचाइजी के साथ नया कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं कर सकते।'
पिछले साल साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश PSL छोड़कर IPL खेलने आ गए थे। बॉश को मुंबई इंडियंस ने इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया था, जिसके बाद PCB ने उन पर एक PSL सीजन के लिए बैन कर दिया था। बाद में बॉश ने PCB से माफी मांगी थी। PCB ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और हर्जाना मांगने की भी बात कही थी।
अब देखना होगा मुजारबानी पर क्या ऐक्शन लिया जाता है। बता दें कि श्रीलंका के कुसल मेंडिस और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल ओवेन ने भी PSL छोड़ा था। पिछले साल मई में पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव के कारण जब PSL कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया था तब ये दोनों खिलाड़ी IPL में शामिल हो गए थे।