भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) रविवार (15 मार्च) को दिल्ली में होने वाले अपने सलाना नमन अवॉर्ड समारोह के दौरान टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम इंडिया को सम्मानित करेगा। बोर्ड ने यह भी ऐलान किया है कि BCCI नमन अवॉर्ड 2026 का मुख्य आकर्षण हालिया समय में ICC ट्रॉफी जीतने वाली सभी 5 भारतीय टीमों को सम्मानित करना होगा। यानी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम सम्मानित होगी ही, साथ ही उन अन्य भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने हाल के दिनों में ICC ट्रॉफी जीती हैं।
कौन-कौन टीम होगी सम्मानित?
अवॉर्ड समारोह में 2025 वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली विमेंस टीम, 2025 ICC चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली मेंस टीम, 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम और 2025 अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली महिला टीम को सम्मानित किया जाएगा। BCCI ने इसके साथ ही व्यक्तिगत पुरस्कारों का भी ऐलान किया। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को 2024-25 सीजन के लिए बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (मेन) का पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिलेगा, जबकि स्मृति मंधाना को अपने करियर में पांचवीं बार बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर (विमेन) के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: फुटबॉल वर्ल्ड कप में नहीं खेलने पर ईरान पर लगेगा जुर्माना, FIFA का क्या है नियम?
पूर्व दिग्गज रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को बोर्ड का सर्वोच्च सम्मान कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को BCCI का महिला लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलेगा। बिन्नी भारत की 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य और टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने बाद में कोच, सेल्क्टर और 2022 से 2025 तक BCCI अध्यक्ष के रूप में खेल की सेवा की। द्रविड़ के नाम पर 24,000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। भारत के महानतम बल्लेबाजों में शामिल द्रविड़ ने टीम इंडिया के हेड कोच की भूमिका भी निभाई। उनके कोच रहते हुए भारत ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: पिछले सीजन लगाया रनों का अंबार, इस बार भी कमाल कर पाएंगे ये 5 दिग्गज?
इन खिलाड़ियों को भी मिलेगा अवॉर्ड
अवॉर्ड पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में इरा जाधव को बेस्ट महिला क्रिकेटर (घरेलू) के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि शेफाली वर्मा को सीनियर घरेलू वनडे टूर्नामेंट की बेस्ट महिला क्रिकेटर के रूप में सम्मानित किया जाएगा। आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवरों की प्रतियोगिताओं में बेस्ट ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार मिलेगा। विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में बेस्ट ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया जाएगा। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को BCCI के घरेलू टूर्नामेंट्स में बेस्ट प्रदर्शन करने वाली राज्य एसोसिएशन का पुरस्कार मिलेगा। मुंबई की टीम ने इस सीजन में चार खिताब जीते और वह दो प्रतियोगिताओं में उपविजेता रही।