इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और गुजरात टाइटंस (GT) का आमना-सामना हुआ। कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग रहा, जिसमें KKR ने 29 रन से जीत हासिल की। पहले बैटिंग का न्योता मिलने पर KKR ने 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर GT को 218 पर ही रोक दिया। इस जीत के साथ KKR प्लेऑफ की रेस में जीवित है।
फिन एलेन ने खेली तूफानी पारी
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी KKR को फिन एलेन ने अच्छी शुरुआत दिलाई। कप्तान अजिंक्य रहाणे (14 गेंद में 14 रन) के एक और फ्लॉप शो के बावजूद एलेन ने एक छोर से लगातार चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 35 गेंद में 93 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 10 छक्के लगाए। एलन ने 33 रन के निजी स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाकर GT की बॉलिंग के साथ खिलवाड़ किया और आउट होने से पहले KKR को 11.2 ओवर में 139 रन तक पहुंचाकर विशाल स्कोर की नींव रख दी।
एलेन के पवेलियन लौटने के बाद अंगकृष रघुवंशी (44 गेंद में नाबाद 82 रन) और कैमरन ग्रीन (28 गेंद में नाबाद 52 रन) ने 108 रन की अटूट साझेदारी की, जिससे KKR ने GT को मुश्किल टारगेट दिया।
यह भी पढ़ें: लगातार दो जीत के साथ सीजन की शुरुआत, फिर कैसे पटरी से उतरी DC? कोच ने बताई वजह
GT का रुका विजयरथ
विशाल रन चेज में GT की शुरुआत धमाकेदार रही लेकिन तीसरा ओवर खत्म होते-होते उसे करारा झटका लग गया। कार्तिक त्यागी की गेंद पर साई सुदर्शन चोटिल होकर रिटायर हर्ट होकर बाहर चले गए। अगले ओवर में नए बल्लेबाज निशांत सिंधु भी चलते बने। वह सुनील नरायण का शिकार बने। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और जोस बटलर ने तीसरे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की लेकिन वे जरूरी रन रेट को कंट्रोल में नहीं रख पाए, जिससे GT लक्ष्य से दूर रह गई। गिल 49 गेंद में 5 चौके और 7 छक्कों की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए। वहीं जोस बटलर ने 35 गेंद में 57 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में ICC की मीटिंग, मोहसिन नकवी भारत आएंगे या नहीं? हो गया फैसला
गिल के आउट होने के बाद सुदर्शन वापसी बल्लेबाजी करने आए और अगली 15 गेंद में 30 रन बनाए लेकिन वह सिर्फ हार का ही अंतर कम कर सके। सुदर्शन 28 गेंद में 53 रन बनाकर नाबाद रहे। GT लगातार 5 मैच जीतकर इस मुकाबले में उतरी थी। KKR के खिलाफ जीत के सिलसिले को बरकरार रख वह प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के साथ टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर सकती थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका।