IPL 2026 का 50वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए काफी अहम था। यह मुकाबला 7 मई को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेला गया। इस मैच में लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीबी को 9 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ लखनऊ की टीम अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है, जिससे उसके फैंस काफी खुश हैं। LSG ने आखिरी मैच 9 अप्रैल को जीता था।
हालांकि, मैच के दौरान बारिश ने कई बार खलल डाला। बारिश की वजह से खेल को बीच-बीच में रोकना पड़ा, जिसके चलते यह मुकाबला पूरा 20 ओवर का नहीं हो सका और 19-19 ओवर का खेल हुआ। बारिश और रुक-रुक कर हुए खेल के बावजूद लखनऊ ने अपना फोकस बनाए रखा और मैच अपने नाम कर लिया।
यह भी पढ़ें: कभी इस प्लेयर को नौसिखिया बॉलर की तरह मारते थे श्रेयस अय्यर, अब उसी का शिकार बने
LSG की पारी
टॉस हारने के बाद लखनऊ को पहले बैटिंग करने के लिए बुलाया गया और टीम ने शुरुआत से ही दमदार खेल दिखाया। पावरप्ले में LSG ने बिना कोई विकेट गंवाए 68 रन ठोक दिए। बीच में बारिश की वजह से मैच कई बार रुका लेकिन बल्लेबाजों का आक्रामक अंदाज नहीं बदला। 7 से 15 ओवर के बीच लखनऊ ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 87 रन जोड़ डाले। इसके बाद डेथ ओवरों में भी टीम ने तेजी से रन बटोरे और 16 से 19 ओवर के बीच 2 विकेट खोकर 54 रन बना लिए। इसी शानदार बल्लेबाजी के दम पर LSG ने 19 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 209 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
लखनऊ की तरफ से मिशेल मार्श ने सबसे ज्यादा 111 रन की शानदार पारी खेली। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 38 रन और ऋषभ पंत ने नाबाद 32 रन बनाए। वहीं दूसरी तरफ RCB के गेंदबाज इस मैच में कुछ खास असर नहीं डाल पाए। टीम की ओर से जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रसिख सलाम को बस 1-1 विकेट ही मिल सका।
यह भी पढ़ें: IPL की नकल के चक्कर में कंगाल हुआ पाक क्रिकेट बोर्ड, PSL में पैसों के लिए विवाद
RCB की पारी
टारगेट का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पावरप्ले में टीम ने 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 45 रन ही बनाए। इसके बाद मिडिल ओवर्स में टीम ने थोड़ी वापसी की और 7 से 15 ओवर के बीच 3 विकेट खोकर 105 रन जोड़े। फिर डेथ ओवर्स में भी टीम ने सिर्फ 1 विकेट गंवाया और 53 रन जोड़े। इस तरह 19 ओवर में RCB 6 विकेट पर 203 रन ही बना पाई। बारिश के चलते मैच का फैसला DLS नियम से LSG ने यह मुकाबला 9 रन से जीत लिया।
यह भी पढ़ें: पंजाब किंग्स को सामने देख अभिषेक शर्मा को क्या हो जाता है? फिर से जमकर कूटा
RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। वहीं टिम डेविड ने 40 रन की पारी खेली। इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 34 रन बनाए, क्रुणाल पांड्या 28 रन बनाकर नाबाद रहे और रोमारियो शेफर्ड भी 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। दूसरी तरफ लखनऊ के लिए गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने 3 विकेट झटके, शाहबाज अहमद को 2 विकेट मिले और मोहम्मद शमी ने 1 विकेट लिया।
LSG प्लेऑफ क्वालिफिकेशन सिनेरियो
अगर लखनऊ इस मैच में हार जाती तो वह प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो जाती लेकिन RCB को हराकर उसने अपनी उम्मीदें जिंदा रखी हैं। LSG ने अब तक 10 मैच खेले हैं, जिनमें से 3 जीते और 7 हारे हैं। टीम के कुल 6 पॉइंट्स हैं और नेट रन रेट -0.949 है। पॉइंट्स टेबल में लखनऊ अभी 10वें नंबर पर है।
यह भी पढ़ें: अब तक छिप जा रही थी PBKS की कमजोरियां, लगातार तीसरी हार ने खोली पोल
अब टीम के पास 4 मैच बाकी हैं। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लखनऊ को अपने चारों मैच जीतने ही होंगे। अगर ऐसा होता है तो टीम के 14 पॉइंट्स हो जाएंगे। इसके साथ-साथ लखनऊ को अपना नेट रन रेट भी बेहतर करना होगा। अगर ये सब सही तरीके से हो गया तो लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्लेऑफ का रास्ता खुल सकता है।