इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अभिषेक शर्मा का बल्ला आग उगल रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के इस स्टार ओपनर ने 11 पारियों में 210.17 के स्ट्राइक रेट से 475 रन ठोक दिए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं। अभिषेक ने अपनी बेहतरीन फॉर्म को जारी रखते हुए बुधवार (6 मई) को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ महज 13 गेंद में 38 रन जड़ दिए।
अभिषेक ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर SRH की पारी की दूसरी ही गेंद पर छक्का जड़ा। अगले ओवर में उन्होंने मार्को यानसन को राडार पर लिया और लगातार तीन बाउंड्री लगाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। अभिषेक ने इस ओवर की समाप्ति चौके के साथ की। इसके बाद उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन को भी छक्के के लिए भेजा। हालांकि फर्ग्यूसन ने जल्द ही वापसी की और उन्हें कप्तान श्रेयस अय्यर के हाथों लपकवाकर PBKS को राहत दिलाई।
यह भी पढ़ें: ओपनर्स पर टिकी है SRH और PBKS, उप्पल में दिखेगा दोनों टीमों का नया प्लान?
PBKS के खिलाफ फिर चले अभिषेक
अभिषेक भले ही चौथे ओवर में आउट हो गए लेकिन वह लगभग अपना काम कर चुके थे। उन्होंने 3.2 ओवर में ही SRH को 50 के पार पहुंचा दिया था। अभिषेक ने अपने गृह राज्य की टीम PBKS के खिलाफ लगातार चौथे मैच में विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने इससे पहले PBKS के खिलाफ पिछली 3 पारियों में 28 गेंद में 66, 55 गेंद में 141 और 28 गेंद में 74 रन जड़े थे।
PBKS के खिलाफ पिछले 4 मैचों में अभिषेक शर्मा
- 66 (28)
- 141 (55)
- 74 (28)
- 35 (13)
यह भी पढ़ें: BCCI ने बेंगलुरु से छीना IPL फाइनल, नाराज हुआ कर्नाटक क्रिकेट, जानिए क्या कहा
अभिषेक को पसंद है PBKS
बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने PBKS के खिलाफ अब तक 10 IPL मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 52.87 की औसत से 423 रन बनाए हैं। अभिषेक ने PBKS के विरुद्ध बल्ले से ही नहीं गेंद से भी कमाल किया है। वह अपनी लेफ्ट आर्म गेंदबाजी से PBKS के 3 बल्लेबाजों को आउट कर चुके हैं।