इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में बुधवार (29 अप्रैल) का दिन नमन धीर के लिए किसी बुरे सपने कम नहीं रहा। मुंबई इंडियंस (MI) का यह युवा बल्लेबाज सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 17 गेंद खेलकर 22 रन ही बना सका। 26 साल के नमन धीर उस समय क्रीज पर आए थे, जब MI वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 8.3 ओवर में 110 रन बना चुकी थी। यहां से MI को उम्मीदें थीं कि नमन रन गति को बनाए रखेंगे लेकिन वह फंसे-फंसे से दिखे।
प्रफुल्ल हिंगे ने 14वें ओवर में उनका संघर्ष खत्म किया। नमन के आउट होने के बाद रायन रिकलटन और कप्तान हार्दिक पंड्या ने 56 रन की आतिशी साझेदारी कर MI की पारी को ट्रैक पर लाया। रिकलटन ने एक छोर से मोर्चा संभालते हुए 55 गेंद में 10 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 123 रन की पारी खेल MI को 243/5 के स्कोर तक पहुंचाया, जो IPL में इस टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
यह भी पढ़ें: रिकलटन ने जड़ा शतक, विल जैक्स ने भी किया धुआं-धुआं, अब कहां खेलेंगे रोहित शर्मा?
फील्ड में ढीले दिखे नमन
बड़ा टोटल डिफेंड करने उतरी MI को SRH की खतरनाक ओपनिंग जोड़ी को जल्द तोड़ने की सख्त जरूरत थी। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर की पांचवीं गेंद पर मौका बनाया लेकिन शॉर्ड थर्ड पर खड़े विल जैक्स मुश्किल चांस को लपक नहीं पाए। अब तक IPL 2026 में संघर्ष कर रहे हेड को बड़ा जीवनदान मिला। इसके बाद बोल्ट ने अगले ओवर की पहली ही गेंद पर हेड को लगभग चलता कर दिया था लेकिन इस बार नमन ने डीप बैकवर्ड पॉइंट पर कैच टपका दिया। गेंद उनके हाथों के बीच से निकलकर छक्के के लिए चली गई।
हेड ने जले पर नमक छिड़कते हुए इस ओवर में दो और छक्के उड़ाए। नमन ने पांचवें ओवर में फिर से हेड का कैच छोड़ा। इस बार गेंदबाज एएम गजनफर थे। उन्होंने हेड को ऑफ स्टंप की बाहर की गेंद पर फंसा लिया था लेकिन नमन ने बैकवर्ड पॉइंट पर कैच टपका दिया। पावरप्ले खत्म होने के बाद हेड ने फिर से नमन के पास शॉट और उन्होंने इस बार कैच लपक लिया था लेकिन वह अपना संतुलन नहीं बना पाए और उनका पैर बाउंड्री लाइन पर पड़ गया। इस तरह हेड को एक और जीवनदान मिला।
यह भी पढ़ें: 'सरकार ने की गलती...' बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलने पर बोले शाकिब
इतने मौके गंवाने पर हेड ने MI को कड़ी सजा दी और 244 रन के विशाल रन चेज में 30 गेंद में 76 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल मैच का रुख SRH की ओर मोड़ दिया। नमन बल्लेबाजी में फेल रहने के बाद लचर फील्डिंग के चलते फैंस के निशाने पर आ गए हैं।