गुजरात टाइटंस (GT) को एक्सपर्ट्स ने एक 'प्रेडिक्टेबल' टीम करार दिया है। हालांकि GT के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल ने 2022 से टीम की लगातार अच्छी परफॉर्मेंस का उदाहरण देते हुए उसके रवैये का बचाव किया है। GT ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही IPL खिताब जीता था। इसके बाद से उसने 2024 सीजन को छोड़कर हर बार प्लेऑफ में जगह बनाई है। टॉप ऑर्डर में शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की मौजूदगी में टीम अपने पारंपरिक रवैये के साथ काफी असरदार रही है, जबकि अन्य टीमों के सलामी बल्लेबाज कहीं ज्यादा स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं।
GT की टीम शुक्रवार (29 मई) को दूसरे क्वालिफायर में राजस्थान रॉयल्स (RR) से टकराएगी। RR के पास वैभव सूर्यवंशी हैं, जो 15 साल की उम्र में ही अपनी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर रहे हैं। वह 680 रन के साथ टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और 242.85 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बिना आगे निकले गेंदबाजों को कैसे पिट रहे हैं वैभव सूर्यवंशी? मेंटोर ने खोला राज
पार्थिव ने टॉम मूडी को दिया जवाब
लखनऊ सुपर जायंट्स के 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' टॉम मूडी ने कहा था कि GT के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और कागिसो रबाडा तब अधिक असरदार होते हैं जब पिच से उन्हें मदद मिलती है। मैच से एक दिन पहले पार्थिव ने कहा कि उन्हें अपना रवैया बदलने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि उन्होंने लीग स्टेज में टॉप-2 में फिनिश किया है और वे क्वालिफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों मिली हार के बारे में अधिक सोचना नहीं चाहेंगे।
पार्थिव ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, 'हम पॉइंट्स टेबल में नंबर दो पर मजबूत स्थिति में थे। मुझे पता है कि दूसरी टीमें जो चाहें सोच सकती हैं। ऐसी छह टीम भी हैं जो क्वालिफाई नहीं कर पाईं और मुझे पता है कि आप जिन बातों का जिक्र कर रहे हैं वे टॉम मूडी ने गुजरात टाइटंस के बारे में कही हैं लेकिन देखिए हम दूसरे नंबर पर रहे हैं और हम जानते हैं कि हम किस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हमें खुद पर भरोसा है कि हम अच्छे नतीजे देंगे।'
उन्होंने कहा, 'गुजरात टाइटंस की शुरुआत से अब तक पांच में से चार साल हमने क्वालिफाई किया है। नतीजे सबके सामने हैं। हर किसी का खेलने का अपना अलग तरीका होता है। हमारा खेलने की अपनी अलग शैली है। टूर्नामेंट के पहले हाफ में भी हम बहुत अच्छा नहीं कर रहे थे। हम बस ठीक-ठाक खेल रहे थे लेकिन फिर भी हम अपने प्रोसेस पर टिके रहे। हमें अपनी काबिलियत पर भरोसा है। हम जानते हैं कि हम क्या कर सकते हैं। यही वह चीज है जिसे हम कल भी करने की कोशिश करेंगे।'
यह भी पढ़ें: 26 विकेट, 35 छक्के... GT की मुश्किलें कैसे बढ़ा रहे हैं कैगिसो रबाडा?
वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले पार्थिव?
RR की टीम वैभव और जोफ्रा आर्चर के रूप में 'एक्स फैक्टर' है, जबकि GT निरंतरता पर निर्भर करती है। पार्थिव ने कहा, 'जब तक हमें नतीजे मिल रहे हैं तब तक हमें इस बारे में सोचने की जरूरत नहीं है कि हमें एक्स फैक्टर चाहिए या निरंतरता। बात बस सभी चीजों को सही जगह पर लाने और नतीजा हासिल करने की है।'
भारत के पूर्व विकेटकीपर ने कहा कि उनके पास वैभव के लिए कुछ प्लान्स हैं, जो वे मैदान पर ही दिखाना चाहेंगे। पार्थिव ने कहा, 'मैं अभी कॉमेंटेटर नहीं हूं, इसलिए मैं अपना प्लान नहीं बता पाऊंगा। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। उम्मीद है कि हम उन्हें मैच की शुरुआत में ही आउट कर पाएंगे और अपने प्लान को सही तरीके से लागू कर पाएंगे।'