इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 35वें मुकाबले में 264 रन का स्कोर खड़ा करने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स (DC) को करारी हार का सामना करना पड़ा। शनिवार (25 अप्रैल) को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में DC की टीम टोटल डिफेंड करने के समय बिखरी-बिखरी सी लगी। पंजाब किंग्स (PBKS) ने 265 रन के टारगेट को 18.5 ओवर में ही हासिल कर लिया है। इस हार के बाद DC के क्रिकेट डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने कहा कि खराब फील्डिंग और मेन तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के चोटिल होने के कारण टीम को हार झेलनी पड़ी।
DC की ओर से केएल राहुल ने नाबाद 152 रन की पारी खेली थी, जिससे टीम ने बोर्ड पर रनों का अंबार लगाया लेकिन PBKS ने इसे बौना साबित कर दिया। मैच के बाद वेणुगोपाल ने मीडिया से कहा, 'सिर्फ दो नहीं, हमने करीब छह कैच छोड़े। अहम मौकों पर कैच छोड़ेंगे तो ऐसे मैच जीतना मुश्किल है। प्रभसिमरन, प्रियांश आर्य और श्रेयस जैसे खिलाड़ियों के मौके हमें भुनाने चाहिए थे। अगर हम कैच छोड़ेंगे तो लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकते।'
यह भी पढ़ें: PBKS ने टी20 इतिहास के सबसे बड़े रन चेज को दिया अंजाम, 264 रन बनाकर हारी DC
लुंगि एनगिडी की चोट पर क्या बोले वेणुगोपाल?
वेणुगोपाल ने लुंगि एनगिडी की चोट के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'फिलहाल हमें लगता है कि चोट गंभीर नहीं है। खिलाड़ी अभी अस्पताल में है। हम अपडेट देंगे लेकिन स्थिति ज्यादा चिंताजनक नहीं है।' साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनगिडी को चोट लगने के बाद एंबुलेंस से स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर प्रियांश आर्य के शॉट पर मिड-ऑफ पर खड़े एनगिडी कैच लेने के लिए पीछे की ओर भागे लेकिन गेंद का सही अनुमान नहीं लगा सके और संतुलन बिगड़ने के कारण गिर पड़े। इस दौरान उनका कंधा और सिर जोर से जमीन से टकराया।
वेणुगोपाल ने कहा, 'खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे पहले है। हम यह खेल खेलते हैं, लेकिन सुरक्षा सर्वोपरि है। एनगिडी अगर गेंदबाजी करते तो उनकी 24 गेंद यानी चार ओवर टीम के लिए बड़ा अंतर पैदा करते। उन्होंने लगभग सभी मैचों में अच्छी गेंदबाजी की है। हमें उम्मीद है कि एनगिडी जल्द ठीक होकर वापसी करेंगे।'
यह भी पढ़ें: IPL मैच में बड़ा हादसा, एनगिडी के सिर में लगी चोट, मैदान में पहुंची एंबुलेंस
वेणुगोपाल ने की राहुल की तारीफ
भारत के पूर्व बल्लेबाज वेणुगोपाल ने राहुल की तारीफ करते हुए कहा, 'इतना बड़ा स्कोर खड़ा करने का श्रेय केएल राहुल को जाता है। उन्होंने जिस तरह बल्लेबाजी संभाली, वह शानदार था। पिच कैसी खेल रही है, यह समझना मुश्किल था लेकिन उन्होंने लगातार अच्छे शॉट खेले। आखिरी ओवर तक उनका खेल काबिल-ए-तारीफ रहा।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमारे बल्लेबाजों ने परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला, इसके लिए उन्हें श्रेय देना चाहिए। किसी को उम्मीद नहीं थी कि पिच इतनी अच्छी होगी। पंजाब ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और मैच को हाथ से नहीं जाने दिया। पहले छह ओवर में उनकी बल्लेबाजी ने मैच बदल दिया।'
वेणुगोपाल ने कहा कि PBKS ने पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर दिया था। उन्होंने कहा, 'हमने पंजाब को हल्के में नहीं लिया था। वे अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर थे। इस फॉर्मेट में टीमें आक्रामक खेलती हैं। पावरप्ले बेहद अहम होता है। जब उन्होंने छह ओवर में 110 से ज्यादा रन बना लिए, वहीं से मैच का रुख बदल गया।'