इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शनिवार (25 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेले जा रहे मैच के दौरान एक गंभीर हादसा हो गया। DC के तेज गेंदबाज लुंगि एनगिडी कैच लपकने के प्रयास में बुरी तरह से चोटिल हो गए। एनगिडी गर्दन के बल गिरे और उनका सिर जोर से जमीन से टकरा गया। गिरते ही उन्होंने अपना सिर पकड़ लिया और वह मैदान पर ही लेटे रहे। तुरंत उनके पास फिजियो और मेडिकल स्टाफ पहुंचे। शुरुआत में एनगिडी कुछ रिस्पॉन्ड करते दिखे, जिससे थोड़ी राहत की स्थिति बनी लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ने लगी।
मेडिकल स्टाफ ने सावधानी बरतते हुए एनगिडी को स्थिर रखने की कोशिश की। प्रारंभिक जांच के दौरान उनकी गर्दन को स्थिर रखने के लिए नेक ब्रेस लगाया गया। उन्हें मैदान से बाहर ले जाने के लिए पहले स्ट्रेचर मंगाया गया था लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मैदान में ही एंबुलेंस बुलानी पड़ी। उन्हें एंबुलेंस से राजेंद्र नगर में मौजूद मैक्स अस्पताल ले जाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उन्हें गर्दन में चोट लगी है, जिसे काफी गंभीर माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: एक मैच में चले KL राहुल और ध्वस्त कर दिए सारे रिकॉर्ड, धोनी भी छूटे पीछे
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी के दौरान हुआ हादसा
मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 264 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की। प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने 2 ओवर में ही 36 रन जड़ दिए। तीसरा ओवर लेकर आए DC के कप्तान अक्षर पटेल की तीसरी गेंद पर प्रियांश ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन संपर्क अच्छा नहीं हुआ। गेंद मिडऑफ की दिशा में टंग गई। वहां खड़े एनगिडी ने बैक पैडल करते हुए कैच लपकने की कोशिश की लेकिन वह दूर रह गए और गिरते समय उनके सिर का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया। गिरने के बाद वह दर्द से कराहने लगे, जिससे मैदान में सन्नाटा पसर गया। खेल लगभग 15 मिनट तक रुका रहा।
यह भी पढ़ें: अब बदल गए हैं केएल राहुल, 47 गेंद में ठोका शतक, IPL इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
विपराज निगम ने किया रिप्लेस
एनगिडी के चोटिल होने के बाद उनकी जगह दुष्मांता चमीरा ने फील्डिंग की। समझा जा रहा था कि DC चमीरा को कन्कशन सबस्टिट्यूट के तौर पर इस्तेमाल करेगी। हालांकि एनगिडी को विपराज निगम ने रिप्लेस किया।