इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) की भिड़ंत हो रही है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में केएल राहुल का तूफानी अंदाज देखने को मिला है। राहुल ने 47 गेंद में शतक ठोक दिया है। यह उनके IPL करियर का छठा और सबसे तेज शतक है। उन्होंने IPL में पहली बार 50 से कम गेंदों में शतक जड़ा है। वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज IPL सेंचुरी जमाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
केएल राहुल ने रचा इतिहास
राहुल का दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह दूसरा शतक है। राहुल इससे पहले PBKS और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए 2-2 शतक जड़ चुके हैं। राहुल अब तीन अलग-अलग टीमों के लिए एक से ज्यादा IPL शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। राहुल के अलावा क्विंटन डिकॉक (DC, LSG, MI) और संजू सैमसन (DC, CSK, RR) ने भी तीन अलग-अलग टीमों के लिए IPL शतक लगाए हैं लेकिन उन्होंने हर टीम के लिए मल्टीपल सेंचुरी नहीं जड़ा है।
राहुल ने DC के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में शिखर धवन और डेविड वॉर्नर की भी बराबरी कर ली है, जिन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए 2-2 शतक लगाए थे। साथ ही राहुल सबसे ज्यादा IPL शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में क्रिस गेल के बराबर पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें: RR vs SRH: जयपुर में IPL 2026 का पहला मैच, पिच से किसे मिलेगी मदद?
IPL में सबसे ज्यादा शतक
- विराट कोहली - 8 शतक
- जोस बटलर - 7 शतक
- क्रिस गेल - 6 शतक
- केएल राहुल - 6 शतक
- संजू सैमसन - 5 शतक
ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने KLR
राहुल ने 16 रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाकर आतिशी शतक जड़ा। इसके बाद भी उन्होंने धुआंधार बैटिंग जारी रखी और 150 रन का आंकड़ा पार कर लिया। इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह पहले भारतीय बल्लेबाज बने। राहुल 67 गेंद में 152 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और 9 छक्के उड़ाए। उनकी पारी की बदौलत DC ने 2 विकेट के नुकसान पर 264 रन का स्कोर खड़ा किया। नीतीश राणा ने राहुल का अच्छा साथ निभाते हुए 44 गेंद में 11 चौके और 4 छक्के की मदद से 91 रन की पारी खेली।
यह भी पढ़ें: ऐसी सेंचुरी का क्या फायदा... गुजरात टाइटंस की हार का विलेन बने साई सुदर्शन
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
दिल्ली कैपिटल्स - केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), नीतीश राणा, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, लुंगि एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार
इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प - विपराज निगम, आकिब नबी, आशुतोष शर्मा, दुष्मंता चमीरा, करुण नायर
पंजाब किंग्स - प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल
इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प - नेहाल वढेरा, सुर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद, हरप्रीत बराड़, यश ठाकुर