IPL 2026 का 40वां मैच काफी हाई-स्कोरिंग रहा। यह मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला गया था, जो 28 अप्रैल को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इस मैच में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान को 223 रनों का बड़ा टारगेट दिया था। राजस्थान रॉयल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इस लक्ष्य को हासिल कर लिया और 6 विकेट से मैच जीत लिया। इस हार के साथ IPL 2026 में पंजाब किंग्स को पहली बार हार का सामना करना पड़ा है।
इस मैच के बाद पॉइंट्स टेबल में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। सिर्फ नेट रन रेट में थोड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब पंजाब किंग्स 8 मैचों में 6 जीत, 1 हार और 1 मैच रद्द होने के बाद टेबल के टॉप पर बनी हुई है। टीम के 13 अंक हैं और उनका नेट रन रेट +1.043 है। वहीं दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स ने 9 मैचों में 6 जीत और 3 हार दर्ज की हैं। टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है। उनके पास 12 अंक हैं और नेट रन रेट +0.617 है।
यह भी पढ़ें: 22 मैच, 8 जीत… पंत की कप्तानी में LSG का गिरा ग्राफ, फ्रेंचाइजी के लिए बने बोझ
PBKS की पारी
पंजाब किंग्स ने अपनी पारी की शुरुआत शानदार तरीके से की। पावरप्ले में ही टीम ने 1 विकेट खोकर 65 रन बना डाले। इसके बाद मिडिल ओवर्स में भी बल्लेबाजों की रफ्तार कम नहीं हुई और 7 से 15 ओवर के बीच 2 विकेट के नुकसान पर 85 रन जोड़ दिए। आखिरी ओवरों में भी पंजाब के बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। 16 से 20 ओवर के बीच टीम ने सिर्फ 1 विकेट खोकर 72 रन ठोक दिए। नतीजा यह रहा कि PBKS ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
पंजाब किंग्स के लिए मार्कस स्टोइनिस ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए और नाबाद रहे। वहीं प्रभसिमरन सिंह ने 59 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर और कूपर कोनोली ने भी 30-30 रन जोड़े। राजस्थान की ओर से यशराज पुंजा ने 2 विकेट लिए। इसके अलावा जोफ्रा आर्चर और नंद्रे बर्गर को 1-1 विकेट मिला।
यह भी पढ़ें: गुस्से में बल्ला-हेलमेट पटकना अंगकृष रघुवंशी को पड़ा भारी, BCCI ने दी सजा
राजस्थान की पारी
पंजाब किंग्स के मुकाबले राजस्थान रॉयल्स की बैटिंग काफी बेहतर रही। टीम ने पावरप्ले में सिर्फ 1 विकेट खोकर 84 रन बना डाले। इसके बाद मिडिल ओवर्स में भी राजस्थान की रन रेट कम नहीं हुई और 7 से 15 ओवर के बीच टीम ने 3 विकेट खोकर 81 रन जोड़ लिए। फिर डेथ ओवर्स में राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 63 रन और ठोक दिए। इसका नतीजा यह हुआ कि राजस्थान रॉयल्स ने 19.2 ओवर में 4 विकेट पर 228 रन बना लिए और 4 गेंद बाकी रहते यह मैच 6 विकेट से जीत लिया।
यह भी पढ़ें: 'भैया नहीं ब्रदर बोलो', रिंकू सिंह की बहन और सुनील नरेन की बातें हुई वायरल
राजस्थान रॉयल्स के लिए डोनोवन फरेरा ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए और नाबाद रहे। वहीं यशस्वी जायसवाल ने 51 रन की पारी खेली। इनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 43 रन और शुभम दुबे ने नाबाद 31 रन बनाए। दूसरी तरफ पंजाब की ओर से युजवेंद्र चहल ने अकेले 3 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह को 1 विकेट मिला।