logo

मूड

ट्रेंडिंग:

IPL 2026: प्लेऑफ में पहुंच तो गई राजस्थान रॉयल्स, एलिमिनेटर से आगे बढ़ पाएगी?

राजस्थान रॉयल्स ने IPL 2026 के प्लेऑफ में जगह बना ली है। रियान पराग की कप्तानी वाली टीम एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद से भिड़ेगी।

Riyan Parag Vaibhav Sooryavanshi Ravi Bishnoi RR vs MI IPL 2026

MI के खिलाफ मैच के दौरान RR के कप्तान रियान पराग, वैभव सूर्यवंशी और रवि बिश्नोई, Photo Credit: PTI

राजस्थान रॉयल्स (RR) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ में रॉयल एंट्री ली है। रियान पराग की कप्तानी वाली टीम ने रविवार (24 मई) को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 30 रन से जीत दर्ज कर प्लेऑफ के आखिरी स्पॉट पर कब्जा जमा लिया। RR 16 पॉइंट्स के साथ टेबल में चौथे पायदान पर रही। अब वह एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से भिड़ेगी। SRH ने तीसरे स्थान पर फिनिश किया है।

RR और SRH के बीच एलिमिनेटर क्यों?

IPL में टॉप-2 में रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के लिए दो मौके मिलते हैं। वे क्वालिफायर 1 में एक-दूसरे के सामने उतरती हैं, जिसमें जीत दर्ज करने वाली टीम सीधे खिताबी मुकाबले में पहुंच जाती है। हारने वाली टीम को एक और मौका मिलता है और वह क्वालिफायर 2 खेलती है। वहीं तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर खेला जाता है। इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम क्वालिफायर 2 में एंट्री लेती है, जबकि हारने पर बाहर होना तय है। 

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) ने टॉप-2 में फिनिश किया है। इसलिए वे क्वालिफायर खेलेंगी। तीसरे और चौथे नंबर पर रहने के चलते SRH और RR को एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा। IPL के इतिहास में सिर्फ SRH ही इकलौती टीम है, जिसने एलिमिनेटर खेलकर खिताब जीता है।

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026: प्लेऑफ की तस्वीर साफ, एलिमिनेटर में SRH से भिड़ेगी RR; पूरा शेड्यूल

एलिमिनेटर में कैसा है RR का रिकॉर्ड?

RR ने प्लेऑफ में सातवीं बार जगह बनाई है। IPL की सबसे पहली चैंपियन टीम ने प्लेऑफ में अब तक 11 मुकाबले में खेले हैं, जिसमें उसने 5 जीते और 6 गंवाए हैं। RR ने 4 एलिमिनेटर मुकाबलों में 2 में जीत हासिल की है, जबकि 2 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 

 

2013 सीजन के एलिमिनेटर में उसने SRH को हराया था लेकिन क्वालिफायर 2 में वह MI से हार गई थी। इसके बाद RR को 2015 और 2018 के एलिमिनेटर में हार का सामना करना पड़ा था। RR ने 2024 सीजन के एलिमिनेटर में RCB को शिकस्त दी थी लेकिन एक बार फिर उसका सफर क्वालिफायर 2 में थम गया। इस बार उसे SRH ने मात दी थी।

 

यह भी पढ़ें: BCCI से है बैन खतरा, फिर भी नखरा कर रहे हैं विदेशी खिलाड़ी, भड़के PBKS के मालिक

RR vs SRH हेड टू हेड रिकॉर्ड

IPL में RR और SRH के बीच अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं। हेड टू हेड रिकॉर्ड में SRH 14-9 से आगे है। इस सीजन दो बार ये दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, जिसमें दोनों बार SRH ने बाजी मारी। RR और SRH के बीच पिछले 5 मैचों की बात करें तो SRH यहां 5-0 से आगे है।


और पढ़ें