पंजाब किंग्स (PBKS) के को-ओनर मोहित बर्मन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को संवेदनशील मुद्दा करार दिया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), विदेशी बोर्ड और अन्य स्टेक होल्डर्स यह सुनिश्चित करने के लिए बेहतर प्रयास कर सकते हैं कि दूसरे देशों के खिलाड़ी दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग की पूरी अवधि के दौरान उपलब्ध रहें।
BCCI ने उन विदेशी खिलाड़ियों पर दो साल का बैन लगा रखा है जो नीलामी में खरीदे जाने के बाद IPL से नाम वापस लेते हैं। हालांकि बोर्ड ने चोटिल खिलाड़ियों के मामले में छूट दी है। इसके बावजूद विदेशी खिलाड़ी खासकर स्टार प्लेयर्स की उपलब्धता एक समस्या बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: छा गए बिहारी बाबू... वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा टी20 का वर्ल्ड रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी देरी से IPL खेलने पहुंचे
मिचेल स्टार्क को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में खेलने की अनुमति दी और तब तक दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी थी। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस और उनके साथी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड भी चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट के पहले दिन से ही अपनी-अपनी IPL टीमों के लिए उपलब्ध नहीं थे।
बर्मन ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, 'यह संवेदनशील मुद्दा है, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट का शेड्यूल काफी व्यस्त है और खिलाड़ियों की अपने नेशनल बोर्ड के प्रति भी कमिटमेंट्स होती हैं। मगर जब भी किसी खिलाड़ी को फ्रेंचाइजी टीम में चुना जाता है तो उसकी उपलब्धता को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए।'
यह भी पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने शतक जड़ जिंदा रखी PBKS की प्लेऑफ की उम्मीदें, LSG आखिरी मैच हारी
रणनीति तैयार करने में होती है मुश्किल
बर्मन ने कहा, 'जब प्रमुख खिलाड़ी नीलामी में चुने जाने के बावजूद टूर्नामेंट के महत्वपूर्ण हिस्सों के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं तो टीम के लिए अपनी रणनीति तैयार करना मुश्किल हो जाता है।' PBKS फ्रेंचाइजी में 48 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले बर्मन ने कहा, 'फैंस सीजन की शुरुआत से ही प्रमुख खिलाड़ियों को खेलते देखना चाहते हैं। टकराव के बजाय सहयोग से ही समाधान निकलना चाहिए। BCCI, फ्रेंचाइजी, खिलाड़ी और इंटरनेशनल बोर्ड को बेहतर तरीके से तैयारी करनी चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'मेरे लिए आदर्श स्थिति यही होगी कि हमारे खिलाड़ी पहले दिन से ही उपलब्ध रहें लेकिन अगर क्रिकेट बोर्ड ने आपस में कुछ चीजें तय की हैं तो फिर हम कुछ खास नहीं कर सकते।'