15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में तहलका मचा रखा है। हालांकि रविवार (24 मई) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ उनका बल्ला नहीं चल पाया। राजस्थान रॉयल्स के 'करो या मरो' वाले मुकाबले में वैभव 6 गेंद खेलकर 4 रन ही बना पाए। फेल होने के बावजूद उन्होंने टी20 का बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
वैभव 2 रन बनाते ही बतौर टीनएजर (20 से कम उम्र में) किसी टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल को पीछे छोड़ा। पडिक्कल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 2019-20 सीजन में 580 रन बनाए थे। वैभव के IPL 2026 में 583 रन हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: PBKS जीती लेकिन MI के हाथों में है उसकी किस्मत, KKR के पास भी मौका; समीकरण समझिए
गेल का रिकॉर्ड तोड़ेंगे वैभव?
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव ने मौजूदा IPL सीजन में 53 छक्के उड़ाए हैं। किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 2012 सीजन में 59 छक्के लगाए थे। यह रिकॉर्ड 14 साल से अटूट है। वैभव के पास इस रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका था लेकिन वह जल्दी आउट हो गए।
अगर राजस्थान रॉयल्स की टीम मुंबई इंडियंस से हारती है तो वैभव की यह आखिरी पारी साबित होगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स जीतती है तो वह प्लेऑफ में जगह बना लेगी और वैभव के पास के राडार पर फिर से गेल का रिकॉर्ड होगा।
गेल का यह रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं वैभव
बिहार के समस्तीपुर से आने वाले वैभव पहले ही IPL में सबसे तेज 50 छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। गेल ने 21 पारियों में 50 छक्कों के आंकड़े को पार किया था। वहीं वैभव ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए महज 15 पारियां लगीं। वैभव का यह IPL सीजन बेहतरीन गुजरा है और अब वह भारतीय टीम में शामिल होने के करीब भी पहुंच गए हैं।
यह भी पढ़ें: दूसरों को ट्रोल करा लो इनसे... खुद बुरी तरह पिट रहे, अर्शदीप का शर्मनाक रिकॉर्ड
IPL में सबसे तेज 50 छक्के (पारियों के लिहाज से)
- वैभव सूर्यवंशी - 15 पारियां
- क्रिस गेल - 21 पारियां