इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 68वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया। शनिवार (23 मई) को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में PBKS ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर LSG ने 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे PBKS ने कप्तान श्रेयस अय्यर की पहली IPL सेंचुरी के बूते 18 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ PBKS ने लगातार मिल रही हार का सिलसिला तोड़ दिया और वह प्लेऑफ में जाने के करीब पहुंच गई है। अब उसे दुआ करनी होगी कि कल (रविवार) को दोपहर के मुकाबले में मुंबई इंडियंस से राजस्थान रॉयल्स हार जाए और फिर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स विशाल जीत हासिल नहीं करे। दूसरी तरफ LSG इस सीजन का अपना आखिरी मैच भी हार गई। अब उसका आखिरी पायदान पर रहना लगभग तय है।
यह भी पढ़ें: दूसरों को ट्रोल करा लो इनसे... खुद बुरी तरह पिट रहे, अर्शदीप का शर्मनाक रिकॉर्ड
श्रेयस अय्यर ने दिखाया अपना क्लास
टारगेट का पीछा करने उतरी PBKS ने पहली ही गेंद पर प्रियांश आर्य का विकेट गंवा दिया। उन्हें मोहम्मद शमी ने अर्जुन तेंदुलकर के हाथों लपकवाया। इसके बाद अगले ओवर में शमी ने कूपर कोनोली को क्लीन बोल्ड कर PBKS को दूसरा झटका दे दिया। 22 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद श्रेयस ने रन बनाने का जिम्मा उठाया और प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी कर डाली। प्रभसिमरन ने जीवनदान का फायाद उठाकर 39 गेंद में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 69 रन जड़े।
प्रभसिमरन के आउट होने के बाद श्रेयस और सूर्यांश शेडगे ने बिना किसी परेशानी के PBKS को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। श्रेयस ने छक्के के साथ मैच फिनिश किया और अपना शतक भी पूरा किया। वह 51 गेंद में 11 चौके और 5 छक्कों की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद रहे। शेडगे ने 7 गेंद में नाबाद 9 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: सूर्या पर गिरने वाली है गाज, अजीत अगरकर नहीं गंभीर सुनाएंगे आखिरी फैसला
LSG की ऐसी रही पारी
मुकाबले में LSG की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। उसने 20 रन पर अर्शिन कुलकर्णी (0) और निकोलस पूरन (2) के विकेट गंवा दिए थे। यहां से आयुष बदोनी ने 18 गेंद में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 43 रन ठोक उसकी पारी को पटरी पर लाया। बदोनी सातवें ओवर में स्टंप आउट हुए। उनके जाने के बाद जोश इंग्लिस और कप्तान ऋषभ पंत ने 65 रन की साझेदारी की। हालांकि इसमें पंत का योगदान सिर्फ 26 रन का रहा। इसके लिए उन्होंने 22 गेंदें खेली और 3 चौके लगाए।
इंग्लिस ने 17वें ओवर में आउट होने से पहले 44 गेंद 72 रन बनाए, जिसमें में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अब्दुल समद ने 20 गेंद में नाबाद 37 रन ठोक LSG को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी साबित हुआ। PBKS की ओर से मार्को यानसन और युजवेंद्र चहल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके।