इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला बुधवार (27 मई) को राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में RR ने 47 रन से जीत दर्ज कर क्वालिफायर 2 में जगह बना ली है, जहां गुजरात टाइटंस से उसकी भिड़ंत होगी। वहीं SRH का पत्ता साफ हो गया है।
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर RR ने 8 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए थे, जिसमें युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का सबसे बड़ा योगदान रहा। 15 साल के वैभव ने 29 गेंद में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 12 छक्के निकले। वैभव के प्रहार के बाद जोफ्रा आर्चर SRH पर कहर बनकर टूटे। जोफ्रा ने पावरप्ले में ही SRH के टॉप-3 को ध्वस्त कर RR की जीत सुनिश्चित कर दी। अंत में SRH की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ही सिमट गई।
यह भी पढ़ें: क्या गेल... क्या जयसूर्या... वैभव सूर्यवंशी के तूफान में उड़े सभी के रिकॉर्ड
वैभव ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव ने पहले ही ओवर से SRH के गेंदबाजों की पिटाई शुरू की और 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले RR को 125 रन तक पहुंचा दिया। इसमें वैभव के सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल का 20 गेंद में महज 25 रन का ही योगदान था। वैभव IPL इतिहास के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड के करीब थे लेकिन वह चूक गए। क्रिस गेल का 2013 सीजन में बनाया गया 30 गेंद का यह रिकॉर्ड बाल-बाल बचा। हालांकि इससे पहले वैभव गेल का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ चुके थे।
वैभव ने मौजूदा सीजन में 65 छक्के उड़ाए हैं, जो नया रिकॉर्ड है। इससे पहले एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड गेल (59 छक्के) के नाम था। वैभव को उनसे आगे निकलने के लिए 7 छक्के लगाने थे, जिसके लिए उन्होंने महज 15 गेंदें ही लीं। उन्होंने 16 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की, जो IPL प्लेऑफ में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक है। वैभव ने सुरेश रैना के रिकॉर्ड की बराबरी की।
यह भी पढ़ें: हार्दिक पंड्या ने डिलिट किया अपना इंस्टाग्राम अकाउंट? CSK में जाने की हैं अटकलें
एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के
- वैभव सूर्यवंशी (2026) - 65 छक्के
- क्रिस गेल (2012) - 59 छक्के
- आंद्रे रसेल (2019) - 52 छक्के
- क्रिस गेल (2013) - 51 छक्के
- जोस बटलर (2022) - 45 छक्के
जुरेल ने भी जमाया रंग
वैभव एक तरफ जहां धुआंधार बल्लेबाजी कर पवेलियन लौटे, वहीं यशस्वी 29 गेंद में 29 रन ही बना सके। वैभव के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने 20 गेंद में फिफ्टी ठोक RR को 200 के करीब पहुंचाया। जुरेल 21 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। रियान पराग ने 12 गेंद में 26 रन जड़े। RR की टीम ने आखिरी ओवरों में गुच्छे में विकेट खोए, जिससे वह 260 के पार नहीं जा पाई। हालांकि उसने बोर्ड पर इतने रन जरूर लगा दिए, जो SRH के लिए काफी था।