इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन पर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। IPL 2026 की शुरुआत दो दिन की देरी से होगी। IPL ने 15 दिसंबर 2025 को सभी फ्रेंचाइजियों को बताया था कि 2026 सीजन का आगाज 26 मार्च से होगा। मगर अब खबर आ रही है कि टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होगा। फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। IPL गवर्निंग काउंसिल शेड्यूल जारी करने के लिए अगले सप्ताह मीटिंग करेगा। ईएसपीएनक्रिकइंफो ने रिपोर्ट किया है कि विधानसभा चुनावों के कारण शेड्यूल जारी करने में देरी हो रही है।
दो भाग में आ सकता है शेड्यूल
लोकसभा और विधानसभा चुनावों के चलते IPL का शेड्यूल दो भाग में आता रहा है। इस बार भी ऐसी ही संभावना बन रही है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों से IPL का शेड्यूल प्रभावित हो सकता है। बता दें कि असम के गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का दूसरा होम वेन्यू है। ऐसे में इस राज्य के चुनाव के अनुसार ही शेड्यूल बनेगा। समझा जा रहा है कि इन तीनों राज्यों के चुनावों की तारिखों की घोषणा के बाद ही IPL गवर्निंग काउंसिल अंतिम फैसला लेगा।
यह भी पढ़ें: टूट ही जाएगा विराट कोहली का 12 साल पुराना रिकॉर्ड? एक पाकिस्तानी भी पड़ा है पीछे
पहला मैच कहां होगा?
IPL 2026 का पहला मैच कहां होगा, इस पर भी सस्पेंस बना हुआ है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ओपनिंग मैच का हिस्सा होगी लेकिन वह खेलेगी कहां, यह तय नहीं है। पिछले साल RCB की विक्ट्री सेलिब्रेशन में मची भगदड़ में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर 11 लोग मारे गए थे। इसके बाद से उस स्टेडियम में कोई बड़ा मैच नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें: भारत को सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए क्या करना होगा?
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने राज्य सरकार से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL और इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी की परमिशन ले ली है लेकिन RCB वहां खेलने से हिचक रही है। RCB नवी मुंबई, पुणे और रायपुर में अपना होम वेन्यू तलाश रही लेकिन अभी बातचीत फाइनल नहीं हो पाई है।