इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को दोपहर के मुकाबले में लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। रविवार (3 मई) को अपने होम ग्राउंड पर SRH की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 165 रन पर ही ढेर हो गई। KKR ने इस टारगेट को 18.2 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर जीत की हैट्रिक लगाई। 5 हार के साथ सीजन की शुरुआत करने वाली KKR अब 7 पॉइंट्स के साथ टेबल में सातवें पायदान पर पहुंच गई है।
SRH के पास टेबल टॉपर बनने का मौका था लेकिन बैटिंग कोलैप्स के कारण उसका विजयरथ रुक गया। SRH ने 9 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए थे। इसके बाद वह अगले 10 ओवर में सिर्फ 60 रन बना पाई और 8 विकेट खो दिए, जिससे लगातार 5 जीत के बाद उसे हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: PBKS के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने चुनी गेंदबाजी, निशांत सिंधु का IPL डेब्यू
वरुण चक्रवर्ती ने पलटा पासा
SRH ने तूफानी शुरुआत की थी। अभिषेक शर्मा (15) के आउट होने के बावजूद ट्रेविस हेड ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 9 ओवर के अंदर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। इस बीच उन्होंने 22 गेंद में फिफ्टी पूरी। हेड के क्रीज पर रहते SRH विशाल स्कोर की ओर तेजी से बढ़ती दिख रही थी लेकिन वरुण चक्रवर्ती ने 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर इस आक्रामक ओपनर का विकेट लेकर पासा पलट दिया।
सुनील नारायण ने अगले ओवर में कसी हुई गेंदबाजी की और सिर्फ 2 रन दिए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन को कैमरन ग्रीन ने चलता किया। रोवमन पॉवेल ने ग्रीन का बेहतरीन कैच लपका। SRH इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि वरुण ने IPL डेब्यू कर रहे आर स्मरण का विकेट लेकर SRH को मुश्किल में डाल दिया। वरुण यही नहीं रुके। उन्होंने अपने अगले ओवर में अनिकेत वर्मा को पवेलियन की राह दिखाई। SRH की आधी टीम 135 रन पर सिमट गई थी। यहां से ईशान किशन पर जिम्मेदारी थी कि वह टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाएं लेकिन सुनील नारायण ने ऑरेंज आर्मी फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
सुनील नारायण ने 16वें ओवर की पहली गेंद पर सलिल अरोड़ा को चलता कर IPL में अपने 200 विकेट पूरे किए। इस ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने ईशान किशन (42) का विकेट झटका। इसके बाद KKR ने SRH की पारी समेटने में देर नहीं लगाई, जिससे उसे छोटा टारगेट मिला। वरुण ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। सुनील नारायण और कार्तिक त्यागी को 2-2 सफलता मिली। वैभव अरोड़ा, कैमरन ग्रीन और अनुकूल रॉय के खाते में 1-1 विकेट रहे।
यह भी पढ़ें: लक्ष्य सेन का नहीं खेलना पड़ा भारी, थॉमस कप सेमीफाइनल में फ्रांस से हारा भारत
अंगकृष ने जड़ा अर्धशतक
KKR ने 166 रन के चेज में विस्फोटक शुरुआत की। फिन एलेन ने 13 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद 29 रन ठोक KKR को 4 ओवर में 49 रन तक पहुंचा दिया। एलेन के आउट होने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (36 गेंद में 43 रन) और अंगकृष रघुवंशी ने 84 रन की साझेदार कर KKR को जीत की राह दिखाई। अंगकृष 47 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट जब गिरा, उस समय KKR को 20 गेंद में सिर्फ 15 रन की जरूरत थी। रिंकू सिंह (नाबाद 22 रन) ने रन चेज को जल्दी पूरा कर KKR को नेट रन रेट में सुधार करने का मौका दिया।