IPL 2026 में सोमवार, 13 अप्रैल को एक बेहद रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है, जहां पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज राजस्थान रॉयल्स (RR) का सामना संघर्ष कर रही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। राजस्थान की टीम फिलहाल अजेय नजर आ रही है। चार मैचों में चार जीत के साथ रियान पराग की कप्तानी वाली यह टीम हर विभाग में अपना लोहा मनवा रही है। रॉयल्स की नजरें इस मैच को जीतकर प्लेऑफ की ओर अपना एक और मजबूत कदम बढ़ाने पर होंगी।
दूसरी ओर, पूर्व IPL चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अब तक का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। चार मैचों में से तीन हार झेल चुकी हैदराबाद की टीम पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर है। कप्तान ईशान किशन के लिए सबसे बड़ी चुनौती राजस्थान के उस गेंदबाजी और बल्लेबाजी आक्रमण को रोकना होगा, जिसने अब तक विपक्षी टीमों को संभलने का मौका नहीं दिया है। राजस्थान जहां अनुशासित और संतुलित दिख रही है, वहीं हैदराबाद की टीम अपनी लय तलाश रही है।
यह भी पढ़ें: वैभव के पास बैठ डगआउट में फोन चलाते दिखे RR के मैनेजर, क्या हो सकती है कार्रवाई?
अगर राजस्थान और हैदराबाद के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड देखें तो SRH का रिकॉर्ड RR से काफी बेहतर है। दोनों टीमें अब तक 21 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं, जिसमें राजस्थान ने 9 मैच जीते हैं और हैदराबाद ने 12 मैच जीते हैं। 13 अप्रैल का मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। राजस्थान ने इस जगह पर 9 मैच खेले हैं, जिसमें RR सिर्फ 3 मैच जीत पाया है।
हर डिपार्टमेंट में राजस्थान पावरफुल
राजस्थान की सफलता का सबसे बड़ा राज उनकी सलामी जोड़ी है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने पावरप्ले के ओवरों में विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी हैं। इन दोनों की निडर बल्लेबाजी ने मध्यक्रम के काम को काफी आसान कर दिया है। तीसरे नंबर पर ध्रुव जुरेल ने टीम को मजबूती दी है। हालांकि, कप्तान रियान पराग के नेतृत्व वाले मध्यक्रम की अब तक कोई बड़ी परीक्षा नहीं हुई है, जिसे हैदराबाद के गेंदबाज भुनाने की कोशिश कर सकते हैं।
जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की तेज गेंदबाजी के साथ संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे ने अच्छा सहयोग दिया है। स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई ने नौ विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है, जबकि रविंद्र जडेजा के आने से आक्रमण और मजबूत हुआ है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: संजू के शतक ने बदली चेन्नई की किस्मत, CSK ने DC को 23 रन से हराया
सनराइजर्स की अस्थिरता बनी चुनौती
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन इस सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने चार में से तीन मैच गंवाए हैं, जिससे वह दबाव में है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा से तेज शुरुआत की उम्मीद रहती है लेकिन निरंतरता की कमी साफ दिखी है। कप्तान ईशान किशन भी शुरुआती मैच के बाद लय में नजर नहीं आए हैं। ऐसे में हेनरिक क्लासेन ही टीम के लिए सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साबित हुए हैं।
गेंदबाजी में पैट कमिंस की गैरमौजूदगी टीम को खल रही है। गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों को रोकने में संघर्ष कर रहे हैं, खासकर बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों में। अगर सनराइजर्स को इस मैच में वापसी करनी है, तो उन्हें शुरुआती विकेट लेने के साथ सामूहिक प्रदर्शन करना होगा।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड, CSK के लिए पहली सेंचुरी से रचा इतिहास
टीम इस प्रकार हैं
- सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्राइडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रेविस हेड, प्रफुल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, इशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पेन, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा और जीशान अंसारी।
- राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रविंद्र जडेजा, सैम कुरेन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।